
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल 22 सितंबर को व्यापार वार्ता के लिए अमेरिका के दौरे पर जाएगा। वाणिज्य मंत्रालय ने शनिवार को ये जानकारी दी। प्रतिनिधिमंडल की इस यात्रा का उद्देश्य दोनों देशों के बीच पारस्परिक रूप से लाभकारी व्यापार समझौते पर चर्चा को आगे बढ़ाना है। केंद्रीय मंत्री न्यूयॉर्क जाएंगे और उनके साथ मंत्रालय में विशेष सचिव राजेश अग्रवाल और अन्य अधिकारी भी होंगे।
16 सितंबर को भारत आया था अमेरिकी दल
अमेरिका के व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय के अधिकारियों का एक दल 16 सितंबर, 2025 को भारत आया था। इस दौरान व्यापार समझौते के विभिन्न पहलुओं पर सकारात्मक चर्चा हुई थी और इस संबंध में प्रयासों को तेज करने का निर्णय लिया गया था। वाणिज्य मंत्रालय ने 16 सितंबर को हुई चर्चा को सकारात्मक और दूरदर्शी बताया था। भारत सरकार के वाणिज्य मंत्रालय ने कहा था कि दोनों पक्षों ने आपसी लाभकारी व्यापार समझौते को जल्द से जल्द अंतिम रूप देने की कोशिशों को तेज करने पर सहमति जताई है। वाणिज्य विभाग के विशेष सचिव राजेश अग्रवाल ने भारतीय पक्ष का नेतृत्व किया जबकि अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व सहायक व्यापार प्रतिनिधि (दक्षिण एवं पश्चिम एशिया) ब्रेंडन लिंच ने किया था।
भारत और अमेरिका के बीच हो चुकी है 5 दौर की बातचीत
बताते चलें कि भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते को लेकर अब तक 5 दौर की बातचीत हो चुकी है। टैरिफ से जुड़े तनाव की वजह से अगस्त के आखिरी सप्ताह में होने वाली छठे दौर की बातचीत स्थगित हो गई थी। वाणिज्य मंत्रालय ने कहा, ”इन चर्चाओं के क्रम में वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल 22 सितंबर 2025 को अमेरिका का दौरा कर रहा है।”
भारत पर अभी 50 प्रतिशत टैरिफ लगा रहा है अमेरिका
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस साल जुलाई के आखिर में भारत पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगाने की घोषणा की थी। इसके साथ ही उन्होंने रूस से कच्चा तेल खरीदने के लिए भारत पर अलग से जुर्माना लगाने की बात कही थी। जिसके बाद, ट्रंप ने रूस से कच्चा तेल खरीदने के लिए जुर्माने के रूप में भारत पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ लगा दिया था। भारतीय निर्यात पर अब 50 प्रतिशत टैरिफ लग रहा है।






































