पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण प्रभावित हुई उड़ान सेवाओं के बीच एयर इंडिया एक्सप्रेस ने गुरुवार से कतर और बहरीन के लिए अपनी फ्लाइट्स फिर से शुरू कर दी हैं। इसके साथ ही एयरलाइन ने यूएई, ओमान और सऊदी अरब के लिए अतिरिक्त सेवाएं भी बहाल की हैं। पीटीआई की खबर के मुताबिक,पश्चिम एशिया में तनाव के चलते कई देशों के एयरस्पेस पर प्रतिबंध लगाए गए थे, जिसका सीधा असर एयरलाइंस के संचालन पर पड़ा। एयर इंडिया एक्सप्रेस के लिए यह क्षेत्र एक अहम बाजार है, इसलिए उसकी सेवाएं भी प्रभावित हुई थीं।
नियमित उड़ानें धीरे-धीरे हो रहीं बहाल
एयरलाइन के एक अधिकारी के अनुसार, अब विभिन्न पश्चिम एशियाई शहरों के लिए नियमित उड़ानें धीरे-धीरे बहाल की जा रही हैं, हालांकि अभी सेवाओं की संख्या पहले की तुलना में कम रखी गई है। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने एक बयान में बताया कि उसने दोहा (कतर) और बहरीन के लिए उड़ान संचालन दोबारा शुरू कर दिया है। साथ ही यूएई, ओमान और सऊदी अरब के कई शहरों के लिए अतिरिक्त उड़ानों का संचालन किया जा रहा है।
एयरलाइन अल ऐन, अबू धाबी, दुबई, रास अल खैमाह, शारजाह (यूएई), जेद्दा, रियाद (सऊदी अरब) और मस्कट (ओमान) के लिए अपनी सेवाएं जारी रखेगी, जिससे भारत और खाड़ी देशों के बीच कनेक्टिविटी फिर से मजबूत हो सके। गौरतलब है कि एयर इंडिया एक्सप्रेस रोजाना 500 से अधिक उड़ानों का संचालन करती है, जो 45 घरेलू और 17 अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों को जोड़ती हैं।






































