नई दिल्ली: कारगिल विजय दिवस के मौके पर पीएम मोदी ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट किया है। पीएम मोदी ने कहा, “कारगिल विजय दिवस पर, हमारा देश भारत की सुरक्षा के लिए बहादुर सैनिकों के असाधारण साहस और समर्पण के प्रति आभार व्यक्त करता है। बेहद मुश्किल हालात में भी उनका अदम्य साहस हमेशा राष्ट्रीय गौरव का स्रोत बना रहेगा। उनकी अटूट देशभक्ति और कर्तव्य-निष्ठा पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।”
अमित शाह ने क्या कहा?
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, “कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना के अदम्य शौर्य और अद्भुत पराक्रम का प्रतीक है। वर्ष 1999 में हिमालय की दुर्गम बर्फीली चोटियों पर विषम परिस्थितियों और शत्रु के ऊंचाई पर स्थित मोर्चों के बावजूद, हमारे वीर जवानों ने ‘ऑपरेशन विजय’ के माध्यम से दुश्मन को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया। ‘कारगिल विजय दिवस’ पर उन सभी वीर सपूतों का स्मरण कर नमन करता हूं, जिन्होंने अपना सर्वोच्च बलिदान देकर देश की अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखा।”
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने क्या कहा?
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, “कारगिल विजय दिवस के अवसर पर मातृभूमि की रक्षा में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले सभी वीर सैनिकों को शत-शत नमन। वर्ष 1999 में कारगिल की दुर्गम चोटियों पर असाधारण पराक्रम का परिचय देने वाले सभी वीर सैनिकों के प्रति देशवासी सदैव कृतज्ञ एवं ऋणी रहेंगे। भारतीय सेना का अदम्य साहस, त्याग और अटूट संकल्प आने वाली पीढ़ियों को देशप्रेम, कर्तव्यनिष्ठा और मातृभूमि के लिए सर्वस्व समर्पित करने की प्रेरणा देता रहेगा।”
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी दी देश को बधाई
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, “कारगिल विजय दिवस पर हमारे वीर सैनिकों, उनके परिवारों और समस्त देशवासियों को बधाई। कारगिल युद्ध में मातृभूमि की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले हमारे अमर वीरों को हम श्रद्धापूर्वक नमन करते हैं। उनका अदम्य साहस, अद्वितीय पराक्रम और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण हम सभी के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहेगा। जय हिंद।”
राहुल गांधी क्या बोले?
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, “भारत की सीमा की रक्षा करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले सभी वीर जवानों को कारगिल विजय दिवस पर विनम्र श्रद्धांजलि। देश आपके साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान का सदैव ऋणी रहेगा।”
बता दें कि बीते साल कारगिल विजय दिवस के मौके पर कैप्टन विक्रम बत्रा के भाई का बयान सामने आया था और उन्होंने कहा था कि उसके बारे में हर दिन सोचता हूं।
ये भी पढ़ें-






































