फूड रेगुलेटर FSSAI ने शनिवार को कहा कि उसने क्विक-कॉमर्स कंपनी स्विगी इंस्टामार्ट को 9 नोटिस जारी किए हैं। ये कार्रवाई स्विगी इंस्टामार्ट के जरिए सड़े-गले और एक्सपायर हो चुके फूड आइटम्स की डिलीवरी से जुड़ी शिकायतों पर की गई है। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि उसने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत उल्लंघन की शिकायतें मिलने के बाद स्विगी इंस्टामार्ट को 9 नोटिस जारी किए हैं।
ग्राहकों ने FSSAI से अलग-अलग मामलों में की स्विगी इंस्टामार्ट की शिकायत
FSSAI ने कहा कि ग्राहकों ने स्विगी इंस्टामार्ट के माध्यम से एक्सपायर हो चुके, खराब, दूषित और अन्य असुरक्षित फूड आइटम्स की डिलीवरी की शिकायतें की हैं। एफएसएसएआई ने स्विगी इंस्टामार्ट को विस्तृत स्पष्टीकरण और अनुपालन रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया है। ऐसा नहीं करने पर उचित कानूनी कार्रवाई शुरू की जाएगी। स्विगी इंस्टामार्ट, ऑनलाइन फूड डिलीवरी कंपनी स्विगी का क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म है।
स्विगी इंस्टामार्ट ने डिलीवर किया बहुत ज्यादा खराब बेबी फूड प्रोडक्ट
एफएसएसएआई ने शिकायतों का ब्योरा देते हुए कहा, “एक बेबी फूड प्रोडक्ट के बहुत ज्यादा खराब और असुरक्षित स्थिति में पाए जाने की शिकायत मिली थी। इसके दूषित होने और गलत तरीके से स्टोरेज और मेनटेनेंस के संकेत मिले थे। उस प्रोडक्ट को लौटाए जाने के बाद भी कथित तौर पर ग्राहक के पास दोबारा भेज दिया गया।”
ग्राहकों को डिलीवर किए गए खराब अंडे और दूध
शिकायतों में ये भी आरोप लगाया गया है कि स्विगी इंस्टामार्ट के जरिए खराब अंडे और दूध के साथ क्षतिग्रस्त डिब्बाबंद खाद्य पदार्थों की भी डिलीवरी की गई। एफएसएसएआई के मुताबिक, जांच में ये भी पाया गया कि कुछ मामलों में एफएसएसएआई लाइसेंस नंबर गलत, अमान्य या मौजूद ही नहीं थे। इसके अलावा, फूड बिजनेस को कथित तौर पर उन नामों से अलग नामों के तहत लिस्ट किया गया था, जो उनके एफएसएसएआई रजिस्ट्रेशन में दर्ज हैं।
शिकायत के बावजूद स्विगी इंस्टामार्ट ने नहीं दी संतोषजनक प्रतिक्रिया
फूड रेगुलेटर ने कहा, “कुछ शिकायतों में आरोप लगाया गया कि मामला आगे बढ़ाए जाने के बाद भी कोई संतोषजनक प्रतिक्रिया, शिकायत निवारण या सुधारात्मक कार्रवाई नहीं की गई। वहीं, एक शिकायत में कहा गया कि खाद्य सुरक्षा चिंताओं को दूर किए बिना सिर्फ पैसे वापस करने की पेशकश की गई।” एफएसएसएआई के अनुसार, इन नोटिसों में विक्रेताओं को प्लेटफॉर्म के साथ जोड़ने (ऑनबोर्डिंग), अनुपालन सत्यापन, खाद्य गुणवत्ता की निगरानी, उपभोक्ता शिकायत निवारण और खाद्य सुरक्षा प्रणालियों की पर्याप्तता को लेकर गंभीर चिंताएं उठाई गई हैं।
पीटीआई इनपुट्स के साथ
ये भी पढ़ें
FSSAI ने बीकानेरवाला, मैरिको और परम डेयरी को भेजा नोटिस, जानें क्या है पूरा मामला




































