Gold and Silver Price: सोमवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में शानदार तेजी देखने को मिली। ग्लोबल मार्केट में तेजी और रुपये की कीमत में गिरावट के कारण आज सोने-चांदी की कीमतों में बढ़ोतरी दर्ज की गई। सोमवार को सोना 1,700 रुपये और चांदी 4,800 रुपये महंगा हो गया।
1,700 रुपये महंगा हुआ सोना
अखिल भारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक, आज 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमतें 1,700 रुपये की तेजी के साथ 1,52,300 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई। पिछले हफ्ते शुक्रवार को सोने का भाव 1,50,600 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। बताते चलें कि आज से पहले, सोने की कीमतों में पिछले हफ्ते लगातार 4 दिनों तक गिरावट दर्ज की गई थी।
चांदी की कीमत में 4,800 रुपये की तेजी
सोने के साथ ही, आज की चांदी की कीमतें भी 4,800 रुपये की बढ़ोतरी के साथ 2,45,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। पिछले हफ्ते शुक्रवार को चांदी का भाव 8,040 रुपये की भारी गिरावट के साथ 2,40,700 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुआ था। कारोबारियों ने कहा कि पिछले हफ्ते आई भारी गिरावट के बाद रुपये में कमजोरी और विदेशी बाजारों में मजबूती से सोने और चांदी की मांग एक बार फिर बढ़ गई है।
सोने की कीमतों में आज क्यों आई तेजी
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सीनियर एनालिस्ट (कमोडिटी) सौमिल गांधी ने कहा, ”सोमवार को सोने की कीमतों में थोड़ी बढ़ोतरी देखी गई, क्योंकि निवेशकों ने बेहतर होते भू-राजनीतिक माहौल और लंबे समय तक अमेरिकी ब्याज दरों के ऊंचे बने रहने की उम्मीदों के बीच संतुलन बनाने की कोशिश की है।”
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी महंगा हुआ सोना-चांदी
आज अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी हाजिर सोना 49.93 डॉलर या 1.2 प्रतिशत बढ़कर 4,210.19 डॉलर प्रति औंस हो गया। जबकि, चांदी 2.4 प्रतिशत बढ़कर 66.47 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।
अमेरिका और ईरान के बीच समझौते पर क्या है अपडेट
मिराए एसेट शेयरखान के कमोडिटी और करेंसी हेड प्रवीण सिंह ने कहा, ”हाजिर सोने और चांदी की कीमतों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है, क्योंकि अमेरिका और ईरान स्विट्जरलैंड में बातचीत के दौरान अंतिम समझौते के लिए एक रूपरेखा पर सहमत हुए हैं।” उन्होंने कहा कि अंतिम समझौते तक पहुंचने के लिए 60 दिन के युद्धविराम के दौरान ईरान के परमाणु कार्यक्रम और प्रतिबंधों समेत कई मुद्दों पर तकनीकी बातचीत जारी रहेगी।
ये भी पढ़ें-






































