राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को सोना और चांदी की कीमतों में जोरदार तेजी देखने को मिली है। अक्षय तृतीया से पहले बुधवार को चांदी की कीमत में 11,800 रुपये का बड़ा उछाल आया, जिससे यह ₹2.57 लाख प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। वहीं सोना भी 3,000 रुपये महंगा होकर ₹1.58 लाख प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया। पीटीआई की खबर के मुताबिक, अखिल भारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक, चांदी की कीमत में करीब 4.81% की तेजी दर्ज की गई, जो पहले ₹2,45,200 प्रति किलो पर बंद हुई थी। वहीं 99.9% शुद्धता वाला सोना करीब 2% चढ़कर ₹1,55,000 से बढ़कर ₹1,58,000 प्रति 10 ग्राम हो गया। मंगलवार को अवकाश के चलते स्थानीय सर्राफा बाजार बंद था।
क्यों बढ़े दाम
खबर के मुताबिक, व्यापारियों के अनुसार, अक्षय तृतीया से पहले ज्वैलर्स और स्टॉकिस्ट्स की ओर से बढ़ती खरीदारी के चलते कीमतों में यह उछाल आया है। इस साल अक्षय तृतीया 19 अप्रैल को मनाई जाएगी, जिसे सोना-चांदी खरीदने के लिए बेहद शुभ माना जाता है। श्रृंगार हाउस ऑफ मंगलसूत्र लिमिटेड के चेयरमैन और एमडी चेतन थड़ेश्वर ने कहा कि अक्षय तृतीया ज्वैलरी इंडस्ट्री के लिए सबसे महत्वपूर्ण समय में से एक है। उन्होंने बताया कि कीमतों में उतार-चढ़ाव के बावजूद ग्राहकों की दिलचस्पी बनी हुई है, खासकर हल्के और डिजाइनर ज्वैलरी की मांग तेजी से बढ़ रही है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में गिरावट
हालांकि, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमती धातुओं की कीमतों में गिरावट देखने को मिली। स्पॉट गोल्ड करीब 1% गिरकर 4,795.97 डॉलर प्रति औंस पर आ गया, जबकि चांदी 1.2% फिसलकर 78.61 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। HDFC सिक्योरिटीज के कमोडिटी विश्लेषक सौमिल गांधी के अनुसार, अमेरिका और ईरान के बीच संभावित समझौते की उम्मीदों से वैश्विक बाजार में दबाव बना है। इससे ऊर्जा आधारित महंगाई के खतरे में कमी आई है, जिससे सोने-चांदी की कीमतों पर असर पड़ा है।
ETF में 31,561 करोड़ रुपये का निवेश
मार्च 2026 तिमाही में गोल्ड एक्सचेंज ट्रेडेड फंड्स यानी ETFs में 31,561 करोड़ रुपये का निवेश आया। यह पिछले साल की इसी तिमाही के मुकाबले लगभग छह गुना ज़्यादा है। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के बीच निवेशकों ने सोने जैसे पारंपरिक सुरक्षित निवेश में पनाह लेना बेहतर समझा। तिमाही-दर-तिमाही आधार पर, निवेश में 36 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई और यह बढ़कर 23,132 करोड़ रुपये हो गया।





































