
डोनाल्ड ट्रंप जूनियर।
आगरा/उदयपुर: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बड़े बेटे डोनाल्ड ट्रंप जूनियर गुरुवार को आगरा पहुंच रहे हैं। वह आगरा में सबसे पहले ताजमहल का दीदार करेंगे। इसके बाद वह राजस्थान के उदयपुर जाएंगे, जहां एक भारतीय-अमेरिकी जोड़े की शानदार डेस्टिनेशन वेडिंग में शिरकत करेंगे ।यह डोनाल्ड ट्रंप जूनियर का भारत का दूसरा दौरा है। इससे पहले फरवरी 2018 में वह दिल्ली, मुंबई, पुणे और कोलकाता आए थे। इस बार उनके साथ 40 देशों से 126 खास मेहमान भी भारत आ रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ट्रंप जूनियर अपने निजी विमान से आगरा के खेरिया एयरपोर्ट पर उतरेंगे।
उदयपुर में दो दिन की भव्य शादी
21 और 22 नवंबर को उदयपुर के झील पिचोला के बीच बने जग मंदिर पैलेस में एक शानदार शादी का आयोजन होने जा रहा है। बता दें कि यह जगह अपनी खूबसूरती और शाही अंदाज के लिए दुनिया भर में मशहूर है। शादी में कई बड़े भारतीय राजनेता और फिल्मी सितारे भी पहुंच रहे हैं, इसलिए उदयपुर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। अमेरिकी सुरक्षा एजेंसी की एक टीम पहले ही उदयपुर पहुंच चुकी है और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रही है। इसके लिए करीब 200 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं, जिनमें एसीपी और एडीसी रैंक के अधिकारी भी शामिल हैं।
द लीला पैलेस में ठहरेंगे ट्रंप जूनियर
डोनाल्ड ट्रंप जूनियर उदयपुर में ‘द लीला पैलेस होटल’ में ठहरेंगे। बता दें कि उदयपुर को अपनी संस्कृति, झीलों और शाही महलों की वजह से भारत का सबसे खूबसूरत वेडिंग डेस्टिनेशंस में से एक माना जाता है। यहां पहले भी कई बड़े सितारों की शादी या प्री-वेडिंग सेरेमनी हो चुकी है। इनमें प्रियंका चोपड़ा एवं निक जोनास, रवीना टंडन, नील नितिन मुकेश और हार्दिक पांड्या समेत कई जाने-माने नाम शामिल हैं। अब उदयपुर एक बार फिर एक हाई-प्रोफाइल शादी की वजह से सुर्खियों में है, और यह अमेरिकी राष्ट्रपति के बड़े बेटे समेत तमाम सिलेब्रिटी मेहमानों के स्वागत के लिए एक बार फिर तैयार है।





































