तमिलनाडु विधानसभा चुनावों के एग्जिट पोल जारी कर दिए गए हैं। मैट्रिज़ (MATRIZE) एग्जिट पोल के मुताबिक, तमिल सुपरस्टार विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) को 10-12 सीटें मिल सकती हैं। पहली बार चुनाव लड़ने वाली एक्टर विजय की पार्टी को 17.5% वोट मिल सकते हैं। तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) प्रमुख विजय दो सीटों से चुनाव लड़ रहे हैं। त्रिची ईस्ट और पेरम्बूर (चेन्नई) से वह अपनी चुनावी किस्मत अजमा रहे हैं।
एग्जिट पोल में एक बार फिर स्टालिन सरकार
MATRIZE की ओर से किए गए एग्जिट पोल में सत्तारूढ़ DMK गठबंधन को 122–132 सीटें मिल सकती हैं। वहीं, AIADMK गठबंधन को 87-100 सीटें मिलने का अनुमान है। DMK गठबंधन को 40.3% वोट और AIADMK गठबंधन को 37.1% वोट मिल सकते हैं।
P-MARQ Exit Poll ने TVK को दी 16-26 सीटें
P-MARQ Exit Poll के अनुसार, तमिलनाडु में एक्टर विजय के नेतृत्व वाली TVK को 23% वोट शेयर मिलने का अनुमान है। इस एग्जिट पोल के मुताबिक, तमिलगा वेट्री कड़गम (TVK) को 16-26 सीटें मिलने का अनुमान है।
Axis My India एग्जिट पोल ने दी सबसे ज्यादा सीटें
Axis My India के एग्जिट पोल ने विजय की पार्टी TVK को सबसे ज्यादा 98-120 मिलने का अनुमान जताया है। वहीं, DMK गठबंधन को 92-110 सीटें मिल सकती हैं। AIADMK गठबंधन को 22-32 सीटें मिल सकती हैं।
4 मई को आएंगे असली नतीजे
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 23 अप्रैल को पूरे राज्य में कड़ी सुरक्षा के बीच एक ही चरण में हुआ था और वोटों की गिनती 4 मई को होनी है। मुख्य मुकाबला DMK और AIADMK के बीच है, जबकि एक्टर विजय के नेतृत्व वाली TVK भी कड़ी टक्कर दे रही हैं। तमिलनाडु में 23 अप्रैल को 85.10% मतदान दर्ज किया गया, जो आज़ादी के बाद से अब तक का सबसे ज़्यादा है। 234 सीटों वाली विधानसभा में बहुमत के लिए 118 सीटों की ज़रूरत होती है। चुनाव आयोग के अनुसार, चेन्नई ज़िले में कुल मतदान 83.68 प्रतिशत रहा। पेराम्बुर में सबसे ज़्यादा मतदान हुआ, जहां 2.03 लाख वोट पड़े (89.74 प्रतिशत), इसके बाद कोलाथुर में 1.82 लाख वोट पड़े (86.12 प्रतिशत)। वोटों की गिनती 4 मई को होनी है। 2021 के तमिलनाडु चुनावों में DMK ने ज़बरदस्त जीत हासिल की थी। उसने अकेले ही 133 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी।








































