भारती एंटरप्राइजेज के फाउंडर और चेयरमैन सुनील भारती मित्तल को फ्रांस ने देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया है। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने सुनील भारती मित्तल को ‘नाइट ऑफ द नेशनल ऑर्डर ऑफ द लीजन ऑफ ऑनर’ से नवाजा है। नेपोलियन बोनापार्ट ने 1802 में ‘लेजियों द ऑनर’ की स्थापना की थी। ये फ्रांसीसी गणराज्य का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है।
सुनील भारती मित्तल को सम्मानित करने के पीछे क्या है मुख्य वजह
भारती एंटरप्राइजेज के एक बयान के अनुसार, मित्तल को भारत और फ्रांस के बीच आर्थिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में लंबे समय से की जा रही कोशिशों और टेलीकॉम एवं डिजिटल इंफ्रा के क्षेत्र में उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए ये सम्मान दिया गया है। भारत में फ्रांस के राजदूत थियरी माथू ने कहा कि सुनील भारती मित्तल 1992 में एयरटेल के शुरुआती दिनों से ही, यानी 30 साल से ज्यादा समय से फ्रांस के मित्र रहे हैं।
यूटेलसैट के उपाध्यक्ष के रूप में भारत-फ्रांस संबंधों को मजबूत बना रहे हैं मित्तल
राजदूत थियरी माथू ने कहा, ”मित्तल ने दशकों से इन संबंधों को लगातार मजबूत किया है और दिखाया है कि फ्रांस और भारत के कारोबारी मिलकर क्या हासिल कर सकते हैं। आज वे यूटेलसैट के उपाध्यक्ष के रूप में इन संबंधों को आगे बढ़ा रहे हैं। ये ऐसा समय है, जब हमारे दोनों देश स्पेस और डिजिटल टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में मिलकर आगे बढ़ रहे हैं।”
28 अक्टूबर को दिल्ली में दिया जाएगा सम्मान
ये सम्मान ‘शेवेलिये दे ल’ ऑर्द्र नासियोनाल दे ला लेजियों द ऑनर’ (नाइट ऑफ द नेशनल ऑर्डर ऑफ द लीजन ऑफ ऑनर) 28 अक्टूबर, 2026 को नई दिल्ली स्थित फ्रांस के दूतावास में आयोजित एक समारोह में प्रदान किया जाएगा। इस सम्मान पर मित्तल ने फ्रांस गणराज्य के प्रति आभार व्यक्त किया।
सुनील ने भारत और फ्रांस के बीच आर्थिक संबंधों को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई
सुनील भारती मित्तल ने कहा, ”फ्रांस के साथ मेरा जुड़ाव 1992 में एयरटेल की शुरुआत से रहा है जब कंपनी जनरल दे जो (कॉम्पैनी जेनेराल दे जो) ने भारत में मोबाइल टेलीकॉम सर्विस शुरू करने के लिए भारती के साथ साझेदारी की थी। ये जुड़ाव आज भी जारी है। मैं यूरोपीय सैटेलाइट सेक्टर की प्रमुख कंपनी यूटेलसैट के को-चेयरमैन के रूप में अपनी भूमिका निभा रहा हूं। मैं फ्रांस गणराज्य के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के प्रति आभार के साथ ये सम्मान स्वीकार करता हूं। साथ ही भारत तथा फ्रांस के बीच आर्थिक संबंधों को और मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराता हूं।”
ब्रिटेन से भी सम्मान प्राप्त कर चुके हैं सुनील भारती मित्तल
बताते चलें कि सुनील भारती मित्तल को 2007 में भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में से एक पद्म भूषण से सम्मानित किया गया था। साल 2024 में वे ब्रिटेन के राजा चार्ल्स तृतीय द्वारा ‘नाइट कमांडर ऑफ द मोस्ट एक्सीलेंट ऑर्डर ऑफ द ब्रिटिश एम्पायर’ (केबीई) से सम्मानित होने वाले पहले भारतीय नागरिक बने थे।
ये भी पढ़ें







































