
घरेलू शेयर बाजार में बढ़त का सिलसिला गुरुवार को भी जारी है। बीएसई सेंसेक्स 174.48 अंकों की बढ़त के साथ 82,032.32 के स्तर पर कारोबार करता दिखा। वहीं, निफ्टी में भी 44.25 अंकों की मजबूती आई और यह 25,094.80 पर पहुंच गया। शुरुआती रुझानों में बाजार में कुल 1,542 शेयरों में बढ़त दर्ज की गई, जबकि 653 शेयरों में गिरावट देखने को मिली। 146 शेयरों के भावों में कोई बदलाव नहीं हुआ। निफ्टी में आज जिन शेयरों ने सबसे अच्छा प्रदर्शन किया उनमें बजाज फिनसर्व, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, रिलायंस इंडस्ट्रीज, टाटा मोटर्स और कोटक महिंद्रा बैंक शामिल हैं। उधर, जिन शेयरों में गिरावट दर्ज की गई उनमें टाटा कंज्यूमर, बजाज फाइनेंस, मारुति सुजुकी, हीरो मोटोकॉर्प और सिप्ला प्रमुख रहे।
इन स्टॉक्स में भी हलचल
गुरुवार को शेयर बाजार ने एक सकारात्मक शुरुआत की, जहां प्रमुख ब्लू-चिप कंपनियों जैसे रिलायंस इंडस्ट्रीज और आईसीआईसीआई बैंक में मजबूत खरीदारी देखने को मिली। सेंसेक्स में शामिल जिन कंपनियों के शेयरों में मजबूती देखने को मिली, उनमें बजाज फिनसर्व, रिलायंस इंडस्ट्रीज, ट्रेंट, आईसीआईसीआई बैंक, टाटा मोटर्स और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स प्रमुख रहे। वहीं, गिरावट दर्ज करने वाले शेयरों में ईटर्नल, हिंदुस्तान यूनिलीवर, इंफोसिस और टेक महिंद्रा शामिल रहे।
क्या कहते हैं एक्सपर्ट?
बाजार विश्लेषकों का कहना है कि प्रस्तावित जीएसटी सुधार और हाल ही में देश की क्रेडिट रेटिंग में सुधार से निवेशकों की धारणा मजबूत हुई है। जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के मुख्य निवेश रणनीतिकार वी.के. विजयकुमार ने कहा कि भारतीय बाजार में स्थिर तेजी का रुझान देखने को मिल रहा है, जबकि अमेरिका में गिरावट का दबाव बना हुआ है। अमेरिका में महंगाई बढ़ने की आशंका से वहां के बाजार पर असर पड़ा है, वहीं भारत में साहसिक सुधारों और लगातार हो रहे निवेश ने बाजार को मजबूती दी है।
रुपया 14 पैसे बढ़कर खुला
घरेलू शेयर बाजारों में सकारात्मक रुख और जोखिम-आधारित धारणा में वृद्धि के चलते गुरुवार को शुरुआती कारोबार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 14 पैसे बढ़कर 86.93 पर पहुंच गया। पीटीआई की खबर के मुताबिक, विदेशी मुद्रा व्यापारियों ने कहा कि रूस और यूक्रेन के बीच शांति की उम्मीदों के बीच वैश्विक बाजारों में जोखिम उठाने की क्षमता में वृद्धि के कारण रुपया सकारात्मक रुख के साथ कारोबार कर रहा है। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में, रुपया 87.04 पर खुला और फिर 86.93 के शुरुआती उच्च स्तर को छू गया, जो पिछले बंद भाव से 14 पैसे की बढ़त दर्शाता है।




































