भारतीय रेल ने उत्तर प्रदेश और बिहार के यात्रियों के लिए एक बड़ी घोषणा करते हुए पुणे-दानापुर स्पेशल ट्रेन को 30 सितंबर तक चलाने का फैसला किया है। भारतीय रेल के उत्तर मध्य रेलवे द्वारा लिए गए इस फैसले से यूपी और बिहार के साथ-साथ मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के लोगों को भी काफी फायदा होगा। बताते चलें कि पुणे-दानापुर-पुणे स्पेशल ट्रेन रोजाना चलाई जाने वाली एक पॉपुलर स्पेशल ट्रेन है। ट्रेन के महत्व और डिमांड को ध्यान में रखते हुए ही इसकी सेवाओं में विस्तार करने का फैसला लिया गया है।
पुणे-दानापुर-पुणे स्पेशल ट्रेन
पुणे से दानापुर तक चलाई जाने वाली ट्रेन नंबर- 01449, पुणे-दानापुर स्पेशल ट्रेन अब 28 सितंबर तक रोजाना चलाई जाएगी। ये स्पेशल ट्रेन पुणे से रोजाना दोपहर 15.40 बजे प्रस्थान करती है और दूसरे दिन आधी रात 02.45 बजे दानापुर पहुंचती है। वापसी में, दानापुर से पुणे तक चलाई जाने वाली ट्रेन नंबर- 01450, दानापुर-पुणे स्पेशल ट्रेन अब 30 सितंबर तक रोजाना चलाई जाएगी। ये स्पेशल ट्रेन दानापुर से रोजाना सुबह 05.00 बजे प्रस्थान करती है और दूसरे दिन शाम को 18.15 बजे पुणे पहुंचती है।
कहां-कहां रुकती है पुणे-दानापुर स्पेशल ट्रेन
पुणे-दानापुर स्पेशल ट्रेन अपनी यात्रा के दौरान दौंड कॉर्ड लाइन, अहिल्यानगर, कोपरगांव, मनमाड जंक्शन, भुसावल जंक्शन, इटारसी, जबलपुर, कटनी, सतना, मानिकपुर, डभौरा, प्रयागराज छिवकी, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर और आरा रेलवे स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में रुकती है। इस ट्रेन में सेकेंड एसी का 1, थर्ड एसी के 5, स्लीपर क्लास के 6 और जनरल क्लास के 4 डिब्बे समेत कुल 18 डिब्बे हैं।
बिहार पुलिस परीक्षा के लिए रेलवे चलाएगा 12 एग्जाम स्पेशल ट्रेनें
भारतीय रेल के पूर्व मध्य रेलवे ने बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए कुल 12 एग्जाम स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है। पूर्व मध्य रेलवे द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, 11 जुलाई को 2 एग्जाम स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी और 12 जुलाई को 10 स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। रेलवे ने इन सभी 12 एग्जाम स्पेशल ट्रेनों की डिटेल्स शेयर की है। ये ट्रेनें पटना, बक्सर, राजगीर, बख्तियारपुर, किउल, नवादा, गया, झाझा से अलग-अलग रास्तों से अलग-अलग जगहों के लिए चलाई जाएंगी।
ये भी पढ़ें






































