अब पार्सल भेजने के लिए रेलवे स्टेशन जाने और सामान की बुकिंग कराने के लिए लंबी प्रक्रिया से गुजरने की जरूरत नहीं पड़ेगी। भारतीय रेलवे जल्द ही घर से पार्सल उठाने और उसे सीधे बताए गए पते तक पहुंचाने की सुविधा शुरू करने जा रहा है। इस सेवा में ग्राहक मोबाइल ऐप के जरिए बुकिंग और ऑनलाइन भुगतान कर सकेंगे। इससे आम लोगों के साथ छोटे कारोबारियों और ऑनलाइन सामान बेचने वालों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।
रेलवे की इस नई पहल का पायलट परीक्षण सफल होने के बाद इसे बड़े स्तर पर शुरू करने की तैयारी है। शुरुआती चरण में दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, अहमदाबाद, हैदराबाद, बेंगलुरु और पुणे में यह सुविधा शुरू की जाएगी। इसके लिए रेलवे ने ‘रेल पार्सल ऐप-घर से घर तक’ तैयार किया है। यह ऐप एक डिजिटल मार्केटप्लेस की तरह काम करेगा, जहां ग्राहक सामान पहुंचाने वाली कंपनियों से जुड़ सकेंगे। बुकिंग और भुगतान की प्रक्रिया भी ऐप के जरिए पूरी की जा सकेगी।
कैसे काम करेगी डोर-टू-डोर पार्सल सर्विस?
इस सुविधा में पार्सल को घर से लेकर गंतव्य तक पहुंचाने की जिम्मेदारी रेलवे और लॉजिस्टिक्स कंपनियां मिलकर संभालेंगी। इसकी प्रक्रिया कुछ इस तरह होगी:
- पहला चरण: लॉजिस्टिक्स कंपनी ग्राहक के घर से पार्सल उठाकर संबंधित रेलवे स्टेशन तक पहुंचाएगी।
- दूसरा चरण: रेलवे पार्सल को ट्रेन के जरिए गंतव्य शहर के रेलवे स्टेशन तक पहुंचाएगा।
- तीसरा चरण: गंतव्य स्टेशन से लॉजिस्टिक्स कंपनी पार्सल को ग्राहक के बताए पते पर पहुंचाएगी।
जरूरत पड़ने पर लॉजिस्टिक्स कंपनियां सामान की पैकेजिंग जैसी सुविधाएं भी दे सकती हैं।
बाइक से फर्नीचर तक भेज सकेंगे सामान
रेलवे के नियमों के अनुसार, बाइक, कार, फर्नीचर, घरेलू उपकरण और कारोबार से जुड़ा सामान भी पार्सल के रूप में भेजा जा सकता है। यह सुविधा छोटे व्यापारियों और ऑनलाइन विक्रेताओं के लिए खास तौर पर उपयोगी हो सकती है, जिन्हें नियमित रूप से सामान भेजना पड़ता है।
बुकिंग रद्द करने पर कितना मिलेगा रिफंड?
अगर ग्राहक पार्सल उठाए जाने से पहले बुकिंग रद्द करता है, तो रेलवे के हिस्से का पूरा मालभाड़ा वापस किया जाएगा। हालांकि, इसमें 10 रुपये शुल्क काटा जाएगा। घर से पार्सल उठाने और गंतव्य तक पहुंचाने के लिए लॉजिस्टिक्स कंपनी को दिए गए शुल्क का रिफंड उसके नियमों के अनुसार होगा।
ट्रेन छूटने से पहले तक कर सकेंगे बुकिंग
जानकारी के मुताबिक, पार्सल की बुकिंग ट्रेन रवाना होने से 15 दिन पहले शुरू हो जाएगी। ग्राहक ट्रेन के प्रस्थान से एक दिन पहले तक बुकिंग कर सकेंगे। इस सुविधा से पार्सल भेजने की प्रक्रिया अधिक आसान और सुविधाजनक बनाने की उम्मीद है।






































