वंदे भारत ट्रेन को बदनाम करने की साजिश का पर्दाफाश हुआ है। भारतीय रेलवे ने इस मामले में बड़ा एक्शन लेते हुए फेक न्यूज़ फैलाने वालों पर FIR दर्ज करा दी है। सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट फैलाने वालों पर रेलवे ने सख्ती दिखाई है। दरअसल, वंदे भारत के खाने और यात्रा अनुभव को लेकर संदिग्ध पोस्ट की जा रही थीं। जांच में कई पोस्ट में एक जैसी भाषा और तस्वीरें मिली हैं। पोस्ट में अलग-अलग ट्रेनों के नाम थे लेकिन कंटेंट लगभग एक जैसा था। इसके बाद रेलवे ने ये कार्रवाई की है।
रेलवे को सुनियोजित अभियान का शक
इन मामलों में रेलवे को सुनियोजित अभियान का शक है। रेलवे ने अब अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कराई है। ऐसा करके यात्रियों में भ्रम और अविश्वास फैलाने की कोशिश का आरोप है। रेलवे ने चेतावनी दी है कि फर्जी और भ्रामक पोस्ट करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी। भारतीय रेलवे की छवि खराब करने की साजिश की जांच शुरू कर दी गई है।
वंदे भारत के खिलाफ कथित भ्रामक पोस्ट।
वंदे भारत को लेकर किए गए झूठे दावे
रेलवे के अनुसार, इस मामले की शुरुआती जांच में पता चला है कि कई सोशल मीडिया अकाउंट्स एक ही जैसा मैसेज लिखकर शेयर कर रहे थे। इन पोस्ट्स में वंदे भारत ट्रेन के फूड और यात्री सुविधाओं को लेकर झूठे दावे किए गए थे। जांच में कई तस्वीरों और दावों की सत्यता संदिग्ध मिली। इसके बाद रेलवे ने फेक न्यूज़ फैलाने और सुनियोजित तरीके से वंदे भारत को बदनाम करने वालों पर कार्रवाई की।
वंदे भारत के खिलाफ कथित फेक न्यूज़।
भरोसा करने से पहले करें उस खबर की सत्यता की जांच
इस बीच, भारतीय रेलवे ने यात्रियों से आह्वान किया है कि वे इंटरनेट पर फैलाई जा रही किसी भी जानकारी पर विश्वास करने से पहले उसकी सत्यता की जांच जरूर करें। भारतीय रेलवे ने कहा कि यात्रियों की शिकायतों के निपटारे के लिए ऑफिशियल हेल्पलाइन, पोर्टल और अन्य अधिकृत माध्यम मौजूद हैं। आवश्यकता पड़ने पर उनकी मदद लें।
रेलवे के आधिकारिक प्लेटफॉर्म पर दर्ज कराएं शिकायत
अगर किसी पैसेंजर को सेवा से जुड़ी वास्तविक शिकायत है तो उसे सीधे भारतीय रेलवे के ऑफिशियल प्लेटफॉर्म पर रजिस्टर कराना चाहिए, ताकि उसका समयबद्ध समाधान हो सके। इसके अलावा, जांच एजेंसियां भी यह मालूम करने में जुटी हुई हैं कि फेक न्यूज फैलाने के पीछे कोई संगठित नेटवर्क तो नहीं है।
ये भी पढ़ें- उज्जैन में वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पर पथराव, 5 कोचों की खिड़कियों के कांच फूटे; बाल-बाल बचे यात्री






































