कोलकाता: राजधानी दिल्ली में सोमवार को इंडिया ब्लॉक की बैठक होनी है। इस बैठक में शामिल होने के लिए टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी आज दिल्ली रवाना हुईं। ममता बनर्जी के साथ राज्यसभा सांसद डोला सेन और वरिष्ठ लोकसभा सांसद कल्याण बनर्जी भी थे। बता दें कि ममता बनर्जी की यह दिल्ली यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब टीएमसी में फूट की अटकलें लगाई जा रही हैं। इससे पहले TMC के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी शनिवार को ही दिल्ली के लिए रवाना हो गए, हालांकि उन्हें भी ममता के साथ ही जाना था, लेकिन वह पहले ही दिल्ली चले गए।
संसद में अपनी स्थिति की जायजा लेगा TMC नेतृत्व
राजधानी दिल्ली में सोमवार को होने वाली इंडिया ब्लॉक की बैठक से पहले, TMC के शीर्ष नेतृत्व की बैठक भी होनी है। इस बैठक में टीएमसी नेतृत्व द्वारा अपने सदन के भीतर की स्थिति का प्रत्यक्ष जायजा लेने की उम्मीद है। ऐसी खबरें हैं कि बागी टीएमसी नेता और सांसद विधानसभा में जो हो चुका है, उसे संसद में भी दोहराने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं 1998 में पार्टी के गठन के बाद से ममता बनर्जी के लिए यह सबसे बड़ा झटका है। पिछले हफ्ते टीएमसी के दो-तिहाई से अधिक विधायक पार्टी के आधिकारिक विधायक दल से अलग हो गए और निष्कासित विधायक ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व में प्रमुख विपक्षी दल के रूप में मान्यता प्राप्त कर ली।
सांसदों के टूटने की अटकलें
सूत्रों का दावा है कि संसद के दोनों सदनों में सांसदों के बीच समर्थन जुटाने के प्रयास जारी हैं। ममता बनर्जी के दिल्ली दौरे के दौरान अपने विधायकों को एकजुट रखने के लिए गहन वार्ता होने की उम्मीद है। संकेत मिल रहे हैं कि बागी पार्टी सांसद कुछ ही दिनों में अपना कदम उठा सकते हैं। टीएमसी के बागी विधायक और पार्टी के नए विधायी विंग के उपनेता संदीपान साहा के अनुसार, पश्चिम बंगाल विधानसभा जैसी ही स्थिति नई दिल्ली में संसदीय दल के भीतर भी देखने को मिल रही है। पिछले महीने हुए विधानसभा चुनावों में ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली टीएमसी की करारी हार के बाद कई टीएमसी नेताओं ने अभिषेक बनर्जी और उनके नेतृत्व के तरीकों के खिलाफ खुलकर आवाज उठाई है। बशीरहाट सांसद हाजी नूरुल इस्लाम के निधन के बाद टीएमसी के पास वर्तमान में लोकसभा में 28 सदस्य हैं।
यह भी पढ़ें-
खान सर के कोचिंग सेंटर में फायर सेफ्टी की जांच, नियमों की हुई अनदेखी; 15 जून तक का अल्टीमेटम





































