
हफ्ते के पहले कारोबारी दिन आज शेयर बाजार में शानदार तेजी लौटी। बीएसई सेंसेक्स 746.29 अंक चढ़कर 80,604.08 अंक पर बंद हुआ। वहीं, एनएसई निफ्टी में 221.75 अंकों की तेजी रही। निफ्टी 24,585 अंक पर बंद हुआ। पिछले हफ्ते भारतीय शेयर बाजार में गिरावट रही थी। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 742.12 अंक और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 202.05 अंक लुढ़का था। आज मार्केट में तेजी लौटने के पीछे कई वजह रही। करीब दो हफ्ते बाद विदेशी निवेशकों की खरीदारी और अमेरिकी बाजारों में तेजी से यह लौटी तेजी। एशियाई बाजारों में मजबूती ने भी निवेशकों का मूड सही किया, जिससे खरीदारी लौटी।
आज सेंसेक्स की कंपनियों में भारतीय स्टेट बैंक, ट्रेंट, एनटीपीसी, टाटा मोटर्स, अल्ट्राटेक सीमेंट और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयरों में उल्लेखनीय तेजी रही। दूसरी ओर आईसीआईसीआई बैंक, मारुति और एयरटेल के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 1,932.81 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.45 प्रतिशत गिरकर 66.29 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर कारोबार कर रहा था।
इन सेक्टर के दम पर बाजार में लौटी तेजी
बोनांजा पोर्टफोलियो के रिसर्च एनालिस्ट, वैभव विदवानी के अनुसार, आज भारतीय शेयर बाजारों में जोरदार रिकवरी देखने को मिली। बाजार में यह तेजी मुख्य रूप से पब्लिक सेक्टर बैंकों, ऑटो और रियल्टी शेयरों में जोरदार बढ़त के कारण आई। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के मजबूत Q1 नतीजों के बाद पीएसयू बैंकिंग शेयरों में तेजी का माहौल बना। टाटा मोटर्स समेत ऑटो सेक्टर के दिग्गज शेयरों में भी अच्छी बढ़त दर्ज की गई, जिससे रैली को और बल मिला। म्यूचुअल फंड से लगातार निवेश का प्रवाह जारी है, जुलाई में इक्विटी इनफ्लो और SIP कलेक्शन रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गए हैं, जो रिटेल निवेशकों के भरोसे को दर्शाता है। आज के सकारात्मक बंद होने के पीछे मुख्य कारण रहे: घरेलू कंपनियों के मजबूत नतीजे (खासतौर पर SBI), घरेलू म्यूचुअल फंड से नए निवेश, और ग्लोबल मार्केट से मिले सकारात्मक संकेत। आगे बाजार की दिशा ग्लोबल घटनाक्रम (जैसे अमेरिका के महंगाई के आंकड़े और भू-राजनीतिक हालात), कंपनियों के तिमाही नतीजे और विदेशी निवेश के रुझान पर निर्भर करेगी।






































