Dividend Stocks: देश की प्रमुख सीमेंट कंपनी अल्ट्राटेक सीमेंट ने वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही के नतीजे जारी कर दिए। अल्ट्राटेक सीमेंट ने शेयर बाजारों को दी सूचना में बताया कि बीते वित्त वर्ष की चौथी तिमाही में उनका एकीकृत शुद्ध लाभ 20 प्रतिशत बढ़कर 3,000.02 करोड़ रुपये हो गया। शानदार नतीजों के बाद कंपनी ने शेयरहोल्डरों के लिए 240 रुपये के भारी-भरकम डिविडेंड की घोषणा की है। आदित्य बिड़ला ग्रुप की कंपनी ने सोमवार को शेयर बाजार को दी सूचना में में बताया कि इससे पिछले साल 2024-25 की जनवरी-मार्च तिमाही में उसने 2,474.79 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था। वित्त वर्ष 2025-26 की मार्च तिमाही में परिचालन आय 25,799.47 करोड़ रुपये रही। पिछले साल ये 23,063.32 करोड़ रुपये थी।
मार्च तिमाही में कंपनी ने की अभी तक की सबसे ज्यादा बिक्री
कंपनी के अनुसार, ”31 मार्च, 2026 को समाप्त तीन महीनों और पूरे साल के नतीजे पिछले इसी समय के नतीजों से तुलना करने लायक नहीं हैं।” इसकी वजह दक्षिण भारत की कंपनी इंडिया सीमेंट्स लिमिटेड (आईसीएल), बिड़ला व्हाइट वॉलकेयर (जिसे पहले वंडर वॉलकेयर के नाम से जाना जाता था) और यूएई के रास अल खैमाह स्थित आरएकेडब्ल्यूसीटी का अधिग्रहण है। अल्ट्राटेक का कुल खर्च 21,894.18 करोड़ रुपये रहा। कंपनी ने बयान में बताया कि इस तिमाही के दौरान उसने ‘अब तक की सबसे ‘ज्यादा बिक्री’ का रिकॉर्ड बनाया।
10 रुपये की फेस वैल्यू वाले प्रत्येक शेयर पर मिलेगा 240 रुपये का डिविडेंड
अल्ट्राटेक की कुल एकीकृत आय मार्च तिमाही में 25,887.03 करोड़ रुपये रही। पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में अल्ट्राटेक का मुनाफा 8,188.35 करोड़ रुपये रहा। 31 मार्च, 2026 को समाप्त वित्त वर्ष के लिए कुल एकीकृत आय 89,089.04 करोड़ रुपये रही। पूरे साल के लिए भारत में ग्रे सीमेंट की कुल बिक्री 14.5 करोड़ टन रही। कंपनी ने कहा, ”मुश्किल माहौल के बावजूद, अल्ट्राटेक ने प्रदर्शन के हर पहलू, मात्रा, राजस्व, मुनाफा और ‘बैलेंस शीट’ की मजबूती में शानदार नतीजे दिए हैं।” शानदार नतीजों से उत्साहित कंपनी के बोर्ड ने शेयरहोल्डरों के लिए 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले प्रत्येक शेयर पर 240 रुपये के बंपर डिविडेंड की घोषणा की है।







































