Dividend Stocks: घरेलू शेयर बाजार में लिस्ट कंपनियां वित्त वर्ष 2025-26 के वित्तीय नतीजे जारी कर रही हैं। वित्तीय नतीजे जारी करने के साथ ही, ये कंपनियां अपने शेयरहोल्डरों को डिविडेंड के रूप में लाभ का एक हिस्सा दे रही हैं। इसी कड़ी में, घरेलू दोपहिया वाहन कंपनी हीरो मोटोकॉर्प ने भी अपने शेयरहोल्डरों को 75 रुपये के डिविडेंड देने की घोषणा की है। बताते चलें हीरो मोटोकॉर्प ने मंगलवार को अपने वित्तीय नतीजे जारी किए थे। हीरो मोटोकॉर्प ने एक एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में उनका एकीकृत शुद्ध लाभ 26 प्रतिशत बढ़कर 1,473.92 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। कंपनी ने बताया कि जबरदस्त बिक्री की वजह से उनके लाभ में बढ़ोतरी हुई है।
पवन मुंजाल को अगले 5 साल के लिए नियुक्त किया गया एग्जीक्यूटिव चेयरमैन
बताते चलें कि वित्त वर्ष 2024-25 की चौथी तिमाही में हीरो मोटोकॉर्प का शुद्ध लाभ 1,168.75 करोड़ रुपये था। चौथी तिमाही में कंपनी की परिचालन आय बढ़कर 12,978.28 करोड़ रुपये हो गई, जो 2024-25 की समान तिमाही में 9,969.81 करोड़ रुपये थी। समीक्षाधीन तिमाही में हीरो की बिक्री 17.14 लाख यूनिट रही, जो 2024-25 की तुलना में 24 प्रतिशत ज्यादा है। समीक्षाधीन तिमाही में कुल व्यय बढ़कर 11,295.53 करोड़ रुपये हो गया, जबकि एक साल पहले ये 8,750.13 करोड़ रुपये था। कंपनी ने कहा कि बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने पवन मुंजाल को 1 अक्टूबर, 2026 से अगले 5 साल के लिए एग्जीक्यूटिव चेयरमैन के रूप में पुनर्नियुक्त करने को मंजूरी दे दी है। ये नियुक्ति कंपनी की 43वीं AGM में शेयरधारकों की मंजूरी पर निर्भर है।
1 शेयर पर मिलेगा 75 रुपये का डिविडेंड
शानदार वित्तीय नतीजों को ध्यान में रखते हुए हीरो मोटोकॉर्प ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 2 रुपये की फेस वैल्यू वाले प्रत्येक शेयर पर 75 रुपये के फाइनल डिविडेंड की सिफारिश की है। ये डिविडेंड शेयरहोल्डरों की मंजूरी के अधीन है। कंपनी ने 75 रुपये के इस फाइनल डिविडेंड के भुगतान के लिए 24 जुलाई को रिकॉर्ड डेट फिक्स किया है। 24 जुलाई को कंपनी के शेयर एक्स-डिविडेंड ट्रेड करेंगे और 24 जुलाई को खरीदे जाने वाले नए शेयरों पर डिविडेंड का लाभ नहीं मिलेगा। एजीएम में डिविडेंड की मंजूरी मिलती है तो एजीएम की तारीख से 30 दिनों के भीतर भुगतान कर दिया जाएगा।






































