अमेरिका और ईरान के बीच समझौता होने के बाद पश्चिम एशिया में शांति कायम होने की उम्मीदें काफी ज्यादा बढ़ गई हैं। इसी बीच, घरेलू शेयर बाजार में पिछले दो सत्रों में जोरदार तेजी देखी गई है। इन दो सत्रों में बीएसई के बेंचमार्च इंडेक्स सेंसेक्स में 2431 अंकों की जोरदार दर्ज की गई है। इन दो सत्रों के कारोबार में घरेलू शेयर बाजार निवेशकों की संपत्ति में ₹18.15 लाख करोड़ की बंपर बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
अमेरिका ने इजरायल के साथ मिलकर 28 फरवरी को ईरान पर शुरू किया था हमला
अमेरिका और ईरान के बीच 107 दिनों से जारी संघर्ष समाप्त करने के लिए हुए समझौते से वैश्विक बाजारों का मनोबल मजबूत हुआ है। बताते चलें कि अमेरिका और इजरायल ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए इस साल 28 फरवरी को ईरान पर हमला किया था। अमेरिका और ईरान के बीच हुए समझौते के बाद सोमवार बीएसई सेंसेक्स 736.38 अंक यानी 0.97 प्रतिशत की तेजी के साथ 76,264.33 अंकों के लेवल पर बंद हुआ। जबकि, एनएसई का निफ्टी 50 इंडेक्स आज 231.00 अंकों (0.98 प्रतिशत) की जोरदार तेजी के साथ 23,853.90 अंकों पर बंद हुआ। आज एक समय सेंसेक्स 76,821.07 अंकों पर और निफ्टी 24,011.40 अंकों पर पहुंच गया था।
2 दिनों में 3.29 प्रतिशत चढ़ा सेंसेक्स
पिछले हफ्ते शुक्रवार को सेंसेक्स 1,695.40 अंक यानी 2.30 प्रतिशत की तेजी के साथ 75,527.95 अंकों पर बंद हुआ था। उसी दिन, एनएसई का निफ्टी 50 इंडेक्स 461.30 अंक यानी 1.99 प्रतिशत बढ़कर 23,622.90 पर बंद हुआ था। इस तरह दो कारोबारी सत्रों में सेंसेक्स कुल 2,431.78 अंक यानी 3.29 प्रतिशत चढ़ गया।
बीएसई पर लिस्ट कंपनियों का मार्केट कैप 18,15,339 करोड़ रुपये बढ़ा
घरेलू शेयर बाजार में आई इन दो दिनों की तेजी से बीएसई पर लिस्ट कंपनियों का कुल मार्केट कैप 18,15,339 करोड़ रुपये बढ़कर 4,70,49,119.48 करोड़ रुपये हो गया। यानी, बीएसई पर लिस्ट कंपनियों में निवेश करने वाले निवेशकों की संपत्ति इन दो दिनों के कारोबार में 18,15,339 करोड़ रुपये बढ़ गई।
सेंसेक्स की कंपनियों में जोरदार बढ़त
आज सेंसेक्स की कंपनियों में शामिल ट्रेंट के शेयरों में सबसे ज्यादा 5.35 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसके अलावा, इंडिगो के शेयर 3.59 प्रतिशत, बजाज फिनसर्व 3.58 प्रतिशत, अल्ट्राटेक सीमेंट 3.29 प्रतिशत, एटरनल 3.26 प्रतिशत, मारुति सुजुकी 3.25 प्रतिशत, महिंद्रा एंड महिंद्रा 3.01 प्रतिशत, एलएंडटी 2.99 प्रतिशत, बजाज फाइनेंस 2.69 प्रतिशत की जोरदार तेजी के साथ बंद हुए। हालांकि, बाजार में तेजी के बीच एनटीपीसी के शेयर 1.64 प्रतिशत, आईसीआईसीआई बैंक 0.94 प्रतिशत की बड़ी गिरावट के साथ बंद हुए।







































