हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से दर्दनाक हादसे की खबर सामने आ रही है। जानकारी के मुताबिक, जिले के देहरा में एक सड़क हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई है और 13 लोग घायल हो गए हैं। ये हादसा देहरा में ढलियारा के पास तब हुआ जब एक ट्रैक्टर ट्रॉली 100 फीट गहरी खाई में गिर गई। जानकारी के अनुसार, सभी ट्राली सवार लोग कपूरथला से माता चिंतपूर्णी के दर्शन कर के ज्वालामुखी जा रहे थे और फिर हादसे का शिकार हो गए।
सामने आई जानकारी के अनुसार, ये हादसा गुरुवार को हिमाचल के कांगड़ा जिले में देहरा के ढलियारा में स्थित शिव मंदिर के पास तीखे मोड़ पर हुआ। एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। बताया जा रहा है कि सभी लोग पंजाब के कपूरथला से आए थे और माता चिंतपूर्णी के दर्शन करने के बाद ज्वालामुखी की ओर जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार, जो 13 लोग घायल हैं उनमें से 7 की हालत गंभीर बताई जा रही है।हादसे में घायल लोगों का इलाज कराया जा रहा है। (रिपोर्ट: कपिल ठाकुर)






































