दमन में सड़क सुरक्षा को लेकर एक अनोखा जागरूकता अभियान चलाया गया। यहां सैकड़ों Mahindra Thar और Toyota Fortuner मालिक एक साथ जुटे और जिम्मेदार तरीके से वाहन चलाने का संकल्प लिया। जिला कलेक्टर ने कार्यक्रम में मौजूद SUV मालिकों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई।
प्लेकार्ड लेकर सड़क सुरक्षा का संदेश
दमन के सूचना एवं प्रचार विभाग की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किए गए वीडियो में ‘थार फॉर्च्यूनर संकल्प यात्रा’ की झलक देखने को मिली। 9 सितंबर को आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में Thar और Fortuner गाड़ियां एक पार्किंग स्थल पर जमा हुईं। इस दौरान प्रतिभागियों ने समूहों में खड़े होकर हाथों में पीले रंग के प्लेकार्ड लेकर सड़क सुरक्षा का संदेश दिया।
‘रफ्तार नहीं, संस्कार’ का दिया संदेश
अभियान में ‘रफ्तार नहीं, संस्कार’ और ‘भाईगीरी नहीं-जिम्मेदारी’ जैसे स्लोगन के जरिए SUV मालिकों से जिम्मेदारी के साथ गाड़ी चलाने की अपील की गई। अभियान का उद्देश्य यह संदेश देना था कि बड़ी और शक्तिशाली SUV का मालिक होना सिर्फ रफ्तार और ताकत दिखाने का जरिया नहीं, बल्कि सड़क पर ज्यादा जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाने की जिम्मेदारी भी है।
इस पहल को महिंद्रा के #TharKaMatlabZimmedari सड़क सुरक्षा अभियान से भी जोड़ा गया। सोशल मीडिया के एक्स पोस्ट पर महिंद्र ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा को भी टैग किया गया।
कई यूजर्स ने दिए सुझाव
Thar और Fortuner जैसी SUV के सैकड़ों मालिकों के सड़क सुरक्षा के लिए एकजुट होने की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गए। कई यूजर्स ने सुझाव दिया कि ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर तकनीक के जरिए नजर रखी जानी चाहिए और बार-बार नियम तोड़ने वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
वाहन को जब्त करने की भी मांग
कुछ लोगों ने फुटपाथ पर गाड़ी चलाने, गलत दिशा में वाहन चलाने और खतरनाक तरीके से मोड़ लेने जैसे उल्लंघनों पर वाहन जब्त करने की मांग की। वहीं, कुछ यूजर्स ने ड्राइविंग लाइसेंस से जुड़े नियमों को सख्ती से लागू करने और जुर्माने को बढ़ाने की बात कही। कई लोगों ने यह भी कहा कि अगर मोटर व्हीकल एक्ट को लगातार और सख्ती से लागू किया जाए और ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर कानून के मुताबिक कार्रवाई हो, तो लापरवाह और तेज ड्राइविंग पर काफी हद तक रोक लगाई जा सकती है।
SUV चलाने के साथ जिम्मेदारी भी जरूरी
कुल मिलाकर, Thar-Fortuner Sankalp Yatra ने एक सीधा संदेश दिया कि भारी वाहन SUV चलाने के साथ उतनी ही बड़ी जिम्मेदारी भी जरूरी है।
ये भी पढ़ें:







































