दक्षिणी अमेरिकी देश कोलंबिया की मैग्डालियाना नदी घाटी में रहने वाले 80 दरियाई घोड़ों को मारने का आदेश दिया गया है। रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक और दुनिया के सबसे बड़े वन्यजीव बचाव एवं संरक्षण केंद्रों में से एक, वनतारा के संस्थापक अनंत मुकेश अंबानी ने औपचारिक रूप से कोलंबिया सरकार से इन हिप्पो या दरियाई घोड़ों की जान बख़्शने का आग्रह किया है। उन्होंने एक मानवीय विकल्प का प्रस्ताव दिया है: एक सुरक्षित और वैज्ञानिक तरीके से इन जानवरों को गुजरात के जामनगर में स्थित ‘वनतारा’ में लाया जाए, जहां उन्हें स्थायी घर मिल सकेगा।
अनंत अंबानी ने कोलंबिया की पर्यावरण मंत्री को लिखा पत्र
कोलंबिया की पर्यावरण मंत्री आइरीन वेलेज टोरेस को लिखे पत्र में अनंत अंबानी ने ये अपील की है। इसमें कोलंबियाई अधिकारियों की देखरेख और मंजूरी के साथ पूरी सहायता देने की बात कही गई है। ये प्रस्ताव पशु कल्याण के प्रति अनंत अंबानी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिसके लिए उन्हें हाल ही में ‘ग्लोबल ह्यूमेन अवार्ड’ से सम्मानित किया गया था। वो ये प्रतिष्ठित सम्मान पाने वाले सबसे कम उम्र के व्यक्ति और पहले एशियाई हैं।
वनतारा ने कोलंबियाई अधिकारियों को सौंपी विस्तृत योजना
अनंत अंबानी ने कहा, ” ये 80 दरियाई घोड़े संवेदनशील प्राणी हैं जो बदलती परिस्थितियों का शिकार हैं। अगर हमारे पास उन्हें सुरक्षित और मानवीय तरीके से बचाने की क्षमता है, तो ये हमारी जिम्मेदारी है कि हम उसके लिए हर संभव प्रयास करें।” वनतारा ने कोलंबियाई अधिकारियों को एक विस्तृत योजना सौंपी है, जिसमें पशु-चिकित्सा विशेषज्ञों की टीम, सुरक्षित लाने की व्यवस्था, बायो-सिक्योरिटी प्रोटोकॉल और उनके प्राकृतिक वातावरण जैसा आवास प्रदान करना शामिल है।
वनतारा के पास विशेषज्ञता और बुनियादी ढांचा मौजूद
अनंत अंबानी ने आगे कहा, “करुणा और जानवरों की जान की सुरक्षा एक-दूसरे के विरोधी नहीं हैं। सही वैज्ञानिक सोच और योजनाबद्ध तरीके के साथ काम करें तो समुदायों और प्रकृति की रक्षा करते हुए जानवरों को भी बचाना संभव है। वनतारा के पास इस कार्य को पूरा करने के लिए विशेषज्ञता और बुनियादी ढांचा मौजूद है।”
पूरी तरह विचार होने तक जानवरों को मारने के फैसले को टालने की अपील
वनतारा ने औपचारिक रूप से अनुरोध किया है कि जब तक इस विकल्प पर पूरी तरह विचार नहीं हो जाता, तब तक जानवरों को मारने के फैसले को टाल दिया जाए। साथ ही, वनतारा ने कहा है कि वे कोलंबिया के अधिकारियों के साथ सीधे जुड़कर एक विस्तृत वैज्ञानिक, परिचालन और कल्याणकारी प्रस्ताव पेश करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
हर जीव अमूल्य
ये प्रस्ताव वनतारा के मूल विचार को दर्शाता है कि ‘हर जीव अमूल्य है’। ये वन्यजीवों से जुड़ी जटिल वैश्विक चुनौतियों के लिए बड़े पैमाने पर विज्ञान-आधारित समाधान देने में भारत की उभरती भूमिका को भी रेखांकित करता है। इस योजना पर कोई भी अमल कोलंबिया और भारत की सरकारों से आवश्यक मंज़ूरी और संबंधित अंतरराष्ट्रीय अधिकारियों से अनुमति मिलने के बाद ही किया जाएगा।







































