पब्लिक सेक्टर का पंजाब एंड सिंध बैंक 3000 करोड़ रुपये के शेयर बेचने जा रहा है। इस सरकारी बैंक ने बाजार नियामक SEBI के न्यूनतम सार्वजनिक शेयरधारिता (MPS) मानदंडों को पूरा करने के लिए निजी नियोजन के आधार पर शेयर बिक्री के जरिए 3000 करोड़ रुपये तक जुटाने का लक्ष्य रखा है। सेबी के नियमों के अनुसार, शेयर बाजार में लिस्ट कंपनियों में कम से कम 25 प्रतिशत सार्वजनिक शेयरधारिता होना अनिवार्य है। इस समय पंजाब एंड सिंध बैंक में भारत सरकार की 93.85 प्रतिशत हिस्सेदारी है।
पंजाब एंड सिंध बैंक को हिस्सेदारी बेचने के लिए बोर्ड से मिली मंजूरी
पंजाब एंड सिंध बैंक के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ स्वरूप कुमार साहा ने बताया, ”हमें योग्य संस्थागत नियोजन (QIP) या अन्य माध्यमों से 3000 करोड़ रुपये तक जुटाने के लिए बोर्ड की मंजूरी मिल गई है। हम मर्चेंट बैंकरों के साथ चर्चा कर रहे हैं। प्रस्तावित हिस्सेदारी कम करने और निवेशकों के साथ जुड़ने के लिए हम जल्द ही बैठकें शुरू करेंगे।”
बाजार की स्थितियों पर निर्भर करेगा समय और मात्रा
हालांकि, उन्होंने कहा कि इसका समय और सटीक मात्रा बाजार की स्थितियों पर निर्भर करेगी, जो वर्तमान में बहुत अनुकूल नहीं हैं। उन्होंने बताया कि बोर्ड ने ऋण वृद्धि के वित्तपोषण के लिए 3000 करोड़ रुपये के अवसंरचना बॉन्ड और टियर-1 व टियर-2 बॉन्ड से 2000 करोड़ रुपये जुटाने को भी मंजूरी दी है। बैंक ने दिसंबर 2024 में पहली बार अवसंरचना बॉन्ड जारी किए थे। साहा ने कहा कि बैंक ने अपने पहले अवसंरचना बॉन्ड से जुटाए गए धन का पूरी तरह से उपयोग कर लिया है।
बुधवार को मामूली गिरावट के साथ बंद हुए बैंक के शेयर
बुधवार को बीएसई पर पंजाब एंड सिंध बैंक के शेयर 0.05 रुपये (0.20 प्रतिशत) की गिरावट के साथ 25.04 रुपये के भाव पर बंद हुए। आज कारोबार के दौरान इस सरकारी बैंक के शेयर 25.00 रुपये के इंट्राडे लो से लेकर 25.52 रुपये के इंट्राडे हाई तक पहुंचे। बीएसई पर पंजाब एंड सिंध बैंक के शेयरों का 52 वीक हाई 34.43 रुपये है, जबकि इसका 52 वीक लो 20.46 रुपये है।





































