भारत मौसम विज्ञान विभाग ने इस सप्ताह पूर्वोत्तर भारत, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना व्यक्त की है। आईएमडी के अनुसार 27 से 29 जून के दौरान उप हिमालय पश्चिम बंगाल और सिक्किम में और 28 जून को असम और मेघालय में कुछ स्थानों पर बहुत ज्यादा वर्षा हो सकती है। वहीं, उत्तर प्रदेश में हीटवेव की स्थिति बनी हुई है। यह अगले दो दिनों तक जारी रहेगी। मानसून फिलहाल रुका हुआ है और इसकी उत्तरी सीमा सूरत, इंदौर, मंडला, डाल्टनगंज ,मोतिहारी से गुजर रही है। अगले तीन-चार दिनों में मानसून के गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के बाकी हिस्सों को कवर करने और उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड में पहुंचने के लिए परिस्थितियां अनुकूल होती हुई दिखाई दे रही हैं।
पश्चिमी बंगाल और पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ स्थानों में पिछले 24 घंटे में भारी वर्षा दर्ज की गई है। पूर्वी मध्य प्रदेश, बिहार, अरुणाचल प्रदेश, असम, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में सामान्य बारिश देखी गई है।
तापमान में बदलाव की संभावना कम
अगले तीन चार दिनों तक देश के अधिकांश हिस्सों में मौसम में कोई खास परिवर्तन नहीं होगा। इसके बाद उत्तर पश्चिम भारत में चार से 6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होगी। मध्य भारत में दो से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होगी और पूर्वी भारत में एक से 3 जुलाई के बीच दो से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होगी। देश के अन्य हिस्सों में अगले सात दिनों तक तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है।
सिक्किम और बंगाल में रेड अलर्ट
पश्चिम बंगाल और सिक्किम में बहुत भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। यहां कुछ जगहों पर 21 सेंटीमीटर से ज्यादा बारिश के आसार हैं। असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, बिहार, उड़ीसा, झारखंड, छत्तीसगढ़, विदर्भ और पूर्वी मध्य प्रदेश में ऑरेंज वार्निंग जारी की गई है। इन सभी क्षेत्रों में खासकर बिहार, उड़ीसा और झारखंड में आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर उष्म लहर की स्थिति जारी रहेगी। इसके लिए येलो वार्निंग दी गई है। पश्चिमी मध्य प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, केरल और तटीय कर्नाटक में भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है।
दिल्ली में हीट इंडेक्स 48.4 डिग्री पहुंचा
दिल्ली में शनिवार को वास्तविक तापमान से कहीं अधिक गर्मी महसूस की गई। अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि ‘हीट इंडेक्स’ 48.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। सफदरजंग मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.9 डिग्री अधिक रहा। अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 4.1 डिग्री अधिक और शुक्रवार के तापमान से 0.2 डिग्री कम था। मौसम के दूसरे केंद्रों पर भी न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। आईएमडी ने मंगलवार और बुधवार के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी करते हुए बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग ने बताया कि रविवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने, दोपहर या शाम के समय गरज-चमक के साथ 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चलने की संभावना है।
यह भी पढ़ें-
दिल्ली में बदला मौसम का मिजाज, पारा 41 डिग्री के पार; बारिश और तेज हवा का अलर्ट









































