Advit Jewels IPO Listing Price: जयपुर की ज्वैलरी कंपनी एडविट ज्वैल्स का आईपीओ आज घरेलू शेयर बाजार में लिस्ट हो गया। एडविट ज्वैल्स के शेयर बंपर प्रीमियम के साथ शेयर बाजार में लिस्ट हुए। बीएसई पर कंपनी का शेयर 138 रुपये के इश्यू प्राइस के मुकाबले 35.50 प्रतिशत के प्रीमियम के साथ 187 रुपये के भाव पर लिस्ट हुआ। जबकि, एनएसई पर एडविट ज्वैल्स के शेयर ने 188.90 रुपये पर शुरुआत की, जो इश्यू प्राइस से 36.88 प्रतिशत ज्यादा है। कंपनी का मार्केट कैप 814.27 करोड़ रुपये रहा।
एडविट ज्वैल्स के आईपीओ को मिला था 212 गुना से ज्यादा सब्सक्रिप्शन
23 जून को खुला ये आईपीओ, 25 जून को बंद हुआ था। आईपीओ को निवेशकों का बंपर सपोर्ट मिला। एडविट ज्वैल्स के आईपीओ को 25 जून को तीसरे और आखिरी दिन कुल 212.63 गुना सब्सक्रिप्शन मिला था। इस आईपीओ की सबसे खास बात ये रही कि इसमें सभी कैटेगरी के निवेशकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
आईपीओ को NII कैटेगरी के निवेशकों से मिला था 536.38 गुना सब्सक्रिप्शन
एडविट ज्वैल्स के आईपीओ को NII निवेशकों के लिए आरक्षित हिस्से को 536.38 गुना सब्सक्रिप्शन मिला, जबकि पात्र संस्थागत खरीदारों (QIB) के कोटा को 174.98 गुना अभिदान मिला था। खुदरा निवेशकों ने भी इस आईपीओ के लिए 95.30 गुना सब्सक्राइब किया था। मंगलवार को आईपीओ खुलने के पहले ही दिन ये पूरी तरह से सब्सक्राइब हो गया था।
29 जून को हुआ था शेयरों का अलॉटमेंट
एडविट ज्वैल्स ने अपने इस आईपीओ से 165 करोड़ रुपये जुटाए थे। इस आईपीओ के लिए कंपनी ने प्रत्येक शेयर के लिए 130 रुपये से 138 रुपये का प्राइस बैंड फिक्स किया था। रिटेल निवेशकों को 1 लॉट में 100 शेयर दिए गए। इस आईपीओ के तहत, शेयरों का अलॉटमेंट सोमवार, 29 जून को हुआ था।
पूरी तरह से नए शेयरों पर आधारित था एडविट ज्वैल्स का आईपीओ
ये आईपीओ पूरी तरह से 1.20 करोड़ नए शेयरों का इश्यू था। इसमें बिक्री पेशकश (OFS) का कोई प्रावधान नहीं था। कंपनी की योजना आईपीओ से प्राप्त राशि में से 65 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कर्ज चुकाने, 65 करोड़ रुपये कार्यशील पूंजी की जरूरतों को पूरा करने और बाकी पैसों का इस्तेमाल सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए करने की है।
Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। किसी भी प्रकार के निवेश से पहले या वित्तीय जोखिम लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के जोखिम के लिए उत्तरदायी नहीं होगा।
ये भी पढ़ें-
11% की भारी गिरावट के साथ लिस्ट हुआ ये IPO, फ्लॉप साबित हुआ कंपनी में पैसा लगाने का फैसला




































