कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के बाहरी इलाके बोम्मसंद्रा में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। यहां वर्करों के लिए बने एक पेइंग गेस्ट (PG) में संदिग्ध गैस लीक के कारण अचानक भीषण धमाका हो गया। इस हादसे में 8 मजदूर झुलस गए हैं। धमाके के तुरंत बाद कमरे में आग लग गई।
यह घटना हेब्बागोडी पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आने वाले आनेकल तालुका के बोम्मसंद्रा इलाके की है। जानकारी के अनुसार, हादसा श्री साई कम्फर्ट पीजी नाम की एक इमारत की दूसरी मंजिल पर हुआ।
शुरुआती जांच और रिपोर्टों के मुताबिक, कमरे में संभवतः रात के समय गैस लीक हो रही थी। सुबह उठकर जैसे ही एक कर्मचारी ने कमरे की लाइट जलाई, स्पार्क के कारण जोरदार धमाका हो गया। धमाके का प्रभाव इतना तेज था कि आग पल भर में उस मंजिल के बाकी कमरों में फैल गई।
घायल मजदूरों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
धमाके की आवाज सुनते ही आस-पास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। अग्निशमन दल ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
सभी 8 घायल मजदूरों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि हादसे का शिकार हुए सभी मजदूर पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं और यहां रहकर काम करते थे।
PG प्रबंधन पर दर्ज हुआ केस
जिस इमारत में यह हादसा हुआ, वह 18 कमरों की प्रॉपर्टी है, जो नागराज रेड्डी नामक व्यक्ति की है। उन्होंने इसे लीज पर दिया हुआ था और वर्तमान में इसे लिंगराजू नाम का व्यक्ति चला रहा था।
हेब्बागोडी पुलिस ने लापरवाही बरतने के आरोप में PG मालिक नागराज रेड्डी और इसे लीज पर लेकर चलाने वाले संचालक लिंगराजू के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस और फोरेंसिक टीम घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए मामले की गहन जांच कर रही है। बीते दिनों यूपी के फतेहपुर जिले से गैस लीक की घटना सामने आई थी। गैस लीक होने से एक जोरदार धमाका हुआ था, जिसमें में 9 लोग घायल हो गए थे।
ये भी पढ़ें-
सोनम रघुवंशी को सुप्रीम कोर्ट से झटका, जमानत रद्द, 3 हफ्ते में सरेंडर करने का आदेश






































