
Adani Group Stocks: सेबी ने पिछले हफ्ते अमेरिकी कंपनी हिंडनबर्ग द्वारा अडाणी ग्रुप के खिलाफ लगाए गए आरोपों को खारिज कर दिया। सेबी द्वारा अडाणी को मिली क्लीन चिट के बाद से ही ग्रुप की कंपनियों के स्टॉक्स में ताबड़तोड़ तेजी देखने को मिल रही है। पिछले हफ्ते शुक्रवार के बाद आज सोमवार को भी ग्रुप की कंपनियों के शेयरों में जोरदार खरीदारी हुई। इन दो दिनों में ग्रुप के शेयरों में आई जोरदार तेजी की वजह से अडाणी ग्रुप की लिस्टेड कंपनियों के मार्केट कैप में कुल 1.78 लाख करोड़ रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसका सीधा मतलब ये हुआ कि इन दो दिनों में अडाणी ग्रुप की कंपनियों में पैसा लगाने वाले निवेशकों की संपत्ति में 1.78 लाख करोड़ रुपये का भारी-भरकम इजाफा हुआ है।
अडाणी ग्रुप के शेयर खरीदने के लिए टूट पड़े निवेशक
हिंडनबर्ग मामले में सेबी द्वारा आरोप मुक्त किए जाने के बाद निवेशक अडाणी ग्रुप की कंपनियों के शेयर खरीदने के लिए टूट पड़े। सेबी ने अपने आदेश में हिंडनबर्ग द्वारा शेयरों में हेरफेर और संबंधित पक्ष के दुरुपयोग के आरोपों को खारिज कर दिया। इससे अडाणी ग्रुप में निवेशकों की सकारात्मक धारणा बढ़ी और ग्रुप के शेयरों में लगातार दूसरे दिन तेजी आई। अडाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडाणी ने हिंडनबर्ग द्वारा लगाए गए आरोपों से मुक्त होने के बाद कर्मचारियों को भेजे एक संदेश में कहा, ‘‘आज वो बादल छंट गया है जो दो साल से हमारे ऊपर मंडरा रहा था।’’
अडाणी पावर और अडाणी टोटल गैस के शेयरों में छप्परफाड़ तेजी
सोमवार को अडाणी पावर का शेयर बीएसई पर 19.99 प्रतिशत के अपर सर्किट के साथ 170.15 रुपये के स्तर पर पहुंच गया। अडाणी टोटल गैस के शेयरों में 19.87 प्रतिशत, अडाणी ग्रीन एनर्जी के शेयर में 11.75 प्रतिशत, अडाणी एनर्जी सॉल्यूशंस के शेयर में 6.94 प्रतिशत, अडाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड के शेयर में 4.24 प्रतिशत, अंबुजा सीमेंट्स के शेयर में 1.43 प्रतिशत, अडाणी पोर्ट्स के शेयर में 1.17 प्रतिशत, एनडीटीवी के शेयर में 1.12 प्रतिशत और एसीसी के शेयर में 0.30 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इन कंपनियों ने मिलकर दो दिनों में ग्रुप के मार्केट कैप में 1,78,598.41 करोड़ रुपये जोड़े।





































