
उत्तर प्रदेश में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत ‘श्री अन्न’ (मोटे अनाज) की खरीद 1 अक्टूबर से शुरू होगी और 31 दिसंबर तक चलेगी। मंगलवार को जारी एक आधिकारिक बयान में ये जानकारी दी गई। बयान में कहा गया कि मोटे अनाज में शामिल मक्का, बाजरा और ज्वार की खरीद के लिए किसानों का पंजीकरण और नवीनीकरण चल रहा है। खाद्य और रसद विभाग के मुताबिक इसके लिए किसानों को उत्तर प्रदेश सरकार के ‘किसान मित्र’ पर पंजीकरण/नवीनीकरण कराना अनिवार्य है। इस बात का खास ध्यान रखना होगा कि मोटे अनाजों की खरीद सिर्फ पंजीकृत किसानों से ही की जाएगी।
यूपी सरकार ने तय किया ज्वार, बाजरा और मक्के का एमएसपी
सरकार ने ज्वार (मालदांडी) का 3749 रुपये, ज्वार (हाइब्रिड) का 3699 रुपये, बाजरा का 2775 रुपये और मक्का का 2400 रुपये प्रति क्विंटल न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) तय किया है। योगी आदित्यनाथ की यूपी सरकार ने 48 घंटे में किसानों को भुगतान कराने का निर्देश दिया है। बयान में कहा गया है कि किसान अपनी किसी भी समस्या के लिए टोल फ्री नंबर 18001800150 से मदद ले सकते हैं। इसके अलावा वे जिला खाद्य विपणन अधिकारी, क्षेत्रीय विपणन अधिकारी, विपणन निरीक्षक से भी संपर्क कर सकते हैं।
सीधे किसानों के बैंक खाते में जाएंगे पैसे
मोटे अनाज की बिक्री के लिए किसानों के आधार लिंक्ड बैंक खाते में सीधे पैसों का भुगतान किया जाएगा। यूपी सरकार ने 48 घंटे के भीतर भुगतान का निर्देश दिया है। वहीं बिचौलियों को रोकने और पारदर्शिता बरतते हुए क्रय केंद्रों पर मोटे अनाज की खरीद ई-पॉप (इलेक्ट्रॉनिक प्वॉइंट ऑफ परचेज) डिवाइस के माध्यम से पहले की तरह किसानों का बायोमीट्रिक सत्यापन के जरिए ही होगी। उत्तर प्रदेश में मक्का खरीद 25 जिलों में होगी जिनमें बदायूं, बुलंदशहर, हरदोई, उन्नाव, मैनपुरी, आगरा, फिरोजाबाद, अलीगढ़, एटा, कासगंज, हाथरस, कानपुर नगर-देहात, कन्नौज, औरैया, इटावा, बहराइच, गोंडा, बलिया, जौनपुर, फर्रुखाबाद, मिर्जापुर , सोनभद्र, देवरिया व ललितपुर आदि जिले शामिल हैं।
किन जिलों में होगी बाजरा और ज्वार की खरीद
इसके अलावा बदायूं, बुलंदशहर, आगरा, फिरोजाबाद, मथुरा, मैनपुरी, अलीगढ़, कासगंज, हाथरस, एटा, बरेली, शाहजहांपुर, संभल, रामपुर, अमरोहा, कानपुर नगर-देहात, फर्रुखाबाद, औरैया, कन्नौज, इटावा, जालौन, हमीरपुर, चित्रकूट, गाजीपुर, जौनपुर, प्रयागराज, फतेहपुर, कौशांबी, मीरजापुर, बलिया, हरदोई और उन्नाव समेत 33 जिलों में बाजरा की खरीद होगी। वहीं बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर, महोबा, कानपुर नगर-देहात, फतेहपुर, उन्नाव, हरदोई, मीरजापुर और जालौन में ज्वार की खरीद होगी।





































