
Gold Price Today: बुधवार को राजधानी दिल्ली में सोने की कीमतें 1,100 रुपये की बढ़ोतरी के साथ 1.21 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के पार पहुंच गईं। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, आज 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव 1,100 रुपये की बढ़त के साथ 1,21,100 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स सहित) के नए लाइफटाइम हाई पर पहुंच गया। बताते चलें कि मंगलवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 500 रुपये बढ़कर रिकॉर्ड 1.20 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
चांदी की कीमतों में आज क्या हुआ है बदलाव
स्थानीय सर्राफा बाजार में, 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना भी बुधवार को 1,100 रुपये की तेजी के साथ 1,20,500 रुपये प्रति 10 ग्राम के नए ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया। मंगलवार को ये 500 रुपये की तेजी के साथ 1,19,400 रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ था। हालांकि, एसोसिएशन के अनुसार, चांदी की कीमतों में आज किसी तरह का कोई बदलाव देखने को नहीं मिला और ये 1,50,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर स्थिर रहीं, जो इसका लाइफटाइम हाई है। मंगलवार को चांदी का भाव 500 रुपये बढ़कर 1,50,500 रुपये प्रति किलो के नए शिखर पर पहुंच गया था।
फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदों को बल मिलने से बढ़ी कीमतें
व्यापारियों ने कहा कि श्रम बाजार में कमजोरी ने फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदों को बल दिया है, जिससे सर्राफा कीमतों को और समर्थन मिला है। विदेशी बाजारों में, हाजिर सोना 1 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़ोतरी के साथ 3,895.33 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया, जबकि हाजिर चांदी लगभग 2 प्रतिशत बढ़कर 47.56 डॉलर प्रति औंस के उच्च स्तर पर पहुंच गई। एक्सपर्ट्स का मानना है कि त्योहारों और आगामी शादी के सीजन की वजह से सोने और चांदी की मांग में तेजी बनी रहेगी, जिससे कीमतों में आगे भी बढ़ोतरी जारी रह सकती है।







































