Chepauk-Thiruvallikeni Assembly Election 2026: तमिलनाडु की चेपॉक-थिरुवल्लिकेनी विधानसभा सीट राज्य की सबसे हाई-प्रोफाइल सीटों में से एक है। यह सीट चेन्नई सेंट्रल लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आती है। चेपॉक-थिरुवल्लिकेनी विधानसभा सीट साल 2008 के परिसीमन के बाद अस्तित्व में आई, जब पुरानी ‘चेपॉक’ और ‘थिरुवल्लिकेनी’ सीटों को आपस में मिला दिया गया। इस नई संयुक्त सीट पर पहली बार विधानसभा चुनाव साल 2011 में हुए थे। इस बार फिर से DMK की ओर से राज्य के उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन चुनावी मैदान में हैं।
इन चेहरों के बीच मुकाबला?
चेपॉक-थिरुवल्लिकेनी विधानसभा सीट पर 2026 के चुनावों में मुकाबला बेहद हाई-प्रोफाइल और दिलचस्प हो गया है। सत्ताधारी द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) की ओर से राज्य के उपमुख्यमंत्री और मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन के पुत्र उदयनिधि स्टालिन एक बार फिर अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। उदयनिधि इस सीट से मौजूदा विधायक भी हैं और उनकी कोशिश पिछली बार की बड़ी जीत के अंतर को और अधिक बढ़ाने की है।
मुख्य विपक्षी दल अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (AIADMK) ने इस सीट पर कड़ी टक्कर देने के लिए अपने वरिष्ठ नेता और अनुभवी राजनेता आदि राजाराम को चुनावी मैदान में उतारा है। आदि राजाराम चेन्नई की राजनीति में एक जाना-माना चेहरा हैं और पहले भी कई महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं, जिससे यह मुकाबला “युवा बनाम अनुभव” के रूप में देखा जा रहा है।
इसके अलावा, TVK (तमिलागा वेत्री कझगम) और NTK (नाम तमिझर कत्छी) ने भी अपने उम्मीदवार उतारे हैं। दक्षिण भारतीय फिल्मों के सुपरस्टार विजय की नई पार्टी TVK ने इस चुनाव में अपनी धमाकेदार एंट्री करते हुए इस महत्वपूर्ण सीट से डी सेल्वम को अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं, सीमन के नेतृत्व वाली NTK ने आयशा को टिकट दिया है।
इस सीट का चुनावी समीकरण
ऐतिहासिक रूप से यह क्षेत्र द्रविड़ राजनीति और विशेष रूप से करुणानिधि परिवार का अभेद्य किला रहा है। पुराने चेपॉक निर्वाचन क्षेत्र से दिवंगत मुख्यमंत्री एम. करुणानिधि खुद तीन बार विधायक रहे थे। इस सीट पर पहली बार 2011 में विधानसभा चुनाव हुए। तब से अब तक हुए सभी चुनावों में द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) का ही वर्चस्व रहा है। 2011 और 2016 में यहां से जे. अनबझगन ने जीत दर्ज की थी, जबकि 2021 के चुनाव में मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन के पुत्र उदयनिधि स्टालिन ने यहां से अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की और रिकॉर्ड मतों से जीत हासिल की।
कब कितना फीसदी हुआ मतदान?
चेन्नई जिले का हिस्सा इस निर्वाचन क्षेत्र में 2021 के आंकड़ों के अनुसार कुल 2,34,067 मतदाता थे, जिनमें 1,14,960 पुरुष और 1,19,072 महिला मतदाता शामिल थे। वहीं, 2016 के चुनाव में कुल मतदाताओं की संख्या 2,30,619 थी। मतदान प्रतिशत की बात करें तो 2021 में यहां 58.74% मतदान हुआ था, जबकि 2016 में यह आंकड़ा 62.30% रहा था।







































