4 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

धर्मेंद्र ने 24 नवंबर को 89 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया।
भारतीय सिनेमा के सबसे चर्चित अभिनेताओं में एक धर्मेंद्र को मोस्ट हैंडसम का तमगा मिला। मिडिल क्लास पंजाबी जाट परिवार से आने वाले धर्मेंद्र ने खेत-खलिहान से निकल कर बॉक्स ऑफिस की सफलता देखी। नॉन फिल्मी बैकग्राउंड से आने के बावजूद देओल परिवार आज फिल्म इंडस्ट्री की सबसे पावरफुल फैमिली में शामिल है।
देओल परिवार के पहले सुपरस्टार रहे धर्मेंद्र की तीसरी पीढ़ी बॉलीवुड में एक्टिव है। ना सिर्फ फिल्म इंडस्ट्री बल्कि भारतीय राजनीति में भी देओल फैमिली का दबदबा रहा है। आइए, जानते हैं धर्मेंद्र और उनके परिवार के लोगों का फिल्मी सफर कैसा रहा…

पहली जेनरेशन में धर्मेंद्र और हेमा मालिनी जैसे बड़े सुपरस्टार। धर्मेंद्र के भाई अजीत देओल को नहीं मिली सफलता…
धर्मेंद्र- भारतीय सिनेमा के पहले नेचुरल एक्शन हीरो
8 दिसंबर 1935 को पंजाब के नसराली गांव में जन्मे धर्मेंद्र ने अपनी शुरुआती पढ़ाई पिता के गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल से ही पूरी की। धर्मेंद्र को पढ़ाई से ही फिल्मों का चस्का लग गया, खासकर दिलीप कुमार की फिल्मों का। साल 1948 में धर्मेंद्र जब महज 13 साल के थे, तब उन्होंने दिलीप कुमार की फिल्म ‘शहीद’ देखी थी और तभी उन्होंने हीरो बनने का फैसला कर लिया।
लेकिन 19 साल के होते ही उनके पिता ने धर्मेंद्र की प्रकाश कौर से शादी करा दी। 1958 में एक बच्चे के पिता बन चुके धर्मेंद्र ‘फिल्मफेयर’ मैगजीन का न्यू टैलेंट हंट जीत गए और यहां से उनके फिल्मी सफर की शुरुआत हुई।
दो साल बाद ही उनकी पहली फिल्म- दिल भी तेरा हम भी तेरे तब के नामी डायरेक्टर अर्जुन हिंगोरानी के साथ आई। फिल्म खास नहीं चली, लेकिन धर्मेंद्र की शक्ल, बॉडी लैंग्वेज और सादगी ने सबका ध्यान खींचा। उनकी आखिरी फिल्म इक्कीस थी, जो उन्होंने 89 साल की उम्र में की थी। 65 साल के लंबे फिल्मी करियर में धर्मेंद्र ने कुल 307 फिल्में कीं।
अजीत- एक्टर, डायरेक्टर और प्रोड्यूसर की पहचान
धर्मेंद्र के भाई अजीत देओल, कंवर अजीत सिंह के नाम से फेमस थे। उन्होंने हिंदी और पंजाबी की लगभग 25 फिल्मों में छोटी-छोटी भूमिकाएं निभाईं। बतौर डायरेक्टर, प्रोड्यूसर उन्होंने धर्मेंद्र, भाभी हेमा मालिनी और भतीजे सनी देओल को लेकर कई फिल्में बनाईं। साल 2015 में अजीत का निधन हो गया। अजीत के बेटे अभय देओल की अदायगी के सिनेप्रेमी कायल हैं।
हेमा- डांस, खूबसूरती और एक्टिंग की बेजोड़ मिसाल
दक्षिण भारत के एक साधारण मध्यमवर्गीय परिवार से आई हेमा ने साल 1963 में तमिल फिल्म ‘इधु सथियम’ से एक्टिंग की शुरुआत की थी। हिंदी सिनेमा में उन्होंने राज कपूर के अपोजिट ‘सपनों के सौदागर’ से एंट्री ली। अपने चार दशक के लंबे करियर में हेमा ने 150 से ज्यादा फिल्मों में काम किया और स्टारडम के शीर्ष तक पहुंचीं।
हेमा बड़े पर्दे के अलावा टेलीविजन पर भी काफी सक्रिय रहीं। फिल्मों के बाद उन्होंने राजनीति में भी किस्मत आजमाई और यहां भी सफल रहीं। वह उत्तर प्रदेश की मथुरा लोकसभा सीट से तीसरी बार सांसद बनी हैं। 77 की उम्र में हेमा आज भी बतौर डांसर, एक्टर और राजनेता काफी सक्रिय हैं।

देओल परिवार के दूसरी पीढ़ी के 4 बच्चों की इंडस्ट्री में एंट्री। धर्मेंद्र के 6 बच्चों में से तीन ने एक्टिंग को करियर चुना…
सनी-फिल्म और राजनीति में पिता के नक्शे कदम पर
साल 1983 में पिता के प्रोडक्शन हाउस- विजेता फिल्म्स की ‘बेताब’ से डेब्यू करने वाले सनी ने इंडस्ट्री में एक्शन हीरो की पहचान हासिल की। चार दशक के करियर में सनी ने बतौर हीरो 100 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है।
जहां हिट फिल्मों की झड़ी लगाने के बाद भी पिता धर्मेंद्र के खाते में अवॉर्ड्स नहीं आए, वहीं सनी ने दो -दो नेशनल और दो फिल्मफेयर अवॉर्ड हासिल किए।
सनी ने न सिर्फ एक्टिंग में पिता की लीगेसी को आगे बढ़ाया बल्कि बतौर प्रोड्यूसर और राजनेता भी पिता के पद चिन्हों पर चले। हाल ही में 68 साल के सनी ने बतौर हीरो ‘गदर-2’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्म दी है। सनी अभी एक्टिंग के साथ डायरेक्शन और प्रोडक्शन में भी एक्टिव हैं।
बॉबी-15 मिनट के रोल से मिली सबसे ज्यादा चर्चा
बड़े भाई की तरह बॉबी देओल ने भी पिता के प्रोडक्शन हाउस की फिल्म ‘बरसात’ से 1995 में डेब्यू किया। पिता और भाई की तरह बॉबी भी बॉलीवुड में लंबी पारी खेल चुके हैं। तीन दशक के करियर में उन्हें पिता और भाई की तरह सफलता नहीं मिली। उनके खाते में हिट से ज्यादा फ्लॉप फिल्में रही हैं, लेकिन 2023 में आई ‘एनिमल’ में उनका महज 15 मिनट का रोल इतनी चर्चा में रहा कि इसने उनके करियर को दोबारा चमका दिया। आज बॉबी हिंदी के अलावा साउथ फिल्मों में भी सक्रिय हैं।

ईशा- देओल परिवार की परंपरा तोड़ इंडस्ट्री में रखा कदम
परंपरागत परिवार से आने वाले धर्मेंद्र बेटियों के सिनेमा में आने के पक्ष में नहीं थे पहली पत्नी प्रकाश कौर से हुई दो बेटियां विजेता और अजीता देओल को उन्होंने इंडस्ट्री से दूर रखा। वह अपनी और हेमा की बेटियों ईशा और अहाना को भी इंडस्ट्री में लाने के पक्ष में नहीं थे। लेकिन मां के सपोर्ट से ईशा ने साल 2002 में फिल्म ‘कोई मेरे दिल से पूछे’ से बॉलीवुड में कदम रखा।
अपने दो दशक के करियर में ईशा ने लगभग 22 फिल्मों में काम किया है। सफलता के मामले में ईशा पेरेंट्स और भाइयों से पीछे रहीं। ईशा भी मां हेमा की तरह ट्रेंड क्लासिकल डांसर हैं।
अहाना- एक्टिंग से दूरी लेकिन इंडस्ट्री से जुड़ाव
हेमा और धर्मेंद्र की छोटी बेटी अहाना देओल ने एक्टिंग से दूरी बनाए रखा, लेकिन इंडस्ट्री से जुड़ी रहीं। उन्होंने सुभाष घई के व्हिसलिंग वुड्स इंस्टीट्यूट और न्यूयॉर्क के एक प्रमुख फिल्म स्कूल से फिल्म मेकिंग और एडिटिंग का कोर्स किया है। फिल्म ‘गुजारिश’ में अहाना डायरेक्टर संजय लीला भंसाली को असिस्ट कर चुकी हैं। साथ ही, वो अपनी मां हेमा की तरह एक ट्रेन्ड क्लासिकल डांसर हैं।
अभय-14 फ्लॉप देने के बाद भी सनी-बॉबी से अमीर
अभय ने साल 2005 में इम्तियाज अली की फिल्म ‘सोचा ना था’ से डेब्यू किया था। इस फिल्म को चाचा धर्मेंद्र की प्रोडक्शन कंपनी विजेता फिल्म्स ने ही प्रोड्यूस किया था। अपने दो दशक के करियर में अभय ने 25 से ज्यादा फिल्में की हैं। हालांकि, इनमें से अधिकांश फिल्में फ्लॉप रही हैं। लेकिन लीक से हटाकर फिल्म करने और अपनी एक्टिंग के वजह से उन्होंने अपनी एक अलग पहचान बनाई हैं।
अभय के खाते में ‘देव डी’, ‘रांझणा’, ‘ओए लकी लकी ओए’, ‘जिंदगी मिलेगी न दोबारा’ जैसी चर्चित फिल्में हैं। इसके अलावा वो टीवी शो भी कर चुके हैं। साल 2023 में रिलीज हुई इनकी वेब सीरीज ‘ट्रायल बाई फायर’ काफी सुर्खियों रही थी।

देओल परिवार की तीसरी पीढ़ी से सनी के दोनों बेटों ने बॉलीवुड में कदम रखा। दोनों की फिल्मों को सनी-बॉबी जैसा रिस्पॉन्स नहीं मिला….
करणवीर: मासूम चेहरे के साथ एक्शन की शुरुआत
देओल परिवार की तीसरी जेनरेशन में सनी देओल के बड़े बेटे करणवीर देओल ने एक्टिंग में डेब्यू करने से पहले होम प्रोडक्शन की ‘यमला पगला दीवाना- 2’ में असिस्टेंट डायरेक्टर के रूप में काम किया। फिर साल 2019 में पिता के डायरेक्शन में फिल्म ‘पल पल दिल के पास’ से हीरो बने। हालांकि इस फिल्म को ऑडियंस का प्यार नहीं मिला। दो साल बाद करणवीर की दूसरी फिल्म ‘वेल्ले’ आई थी लेकिन इस फिल्म को भी अच्छा रिस्पांस नहीं मिला।
राजवीर: सफलता की तलाश जारी
सनी के दूसरे राजवीर देओल ने साल 2023 में राजश्री प्रोडक्शन की फिल्म ‘दोनों’ से अपना एक्टिंग डेब्यू किया था। हालांकि, बॉक्स ऑफिस पर ये फिल्म कब आई और गई पता भी नहीं चला।







































