
Gold and Silver Price: मजबूत ग्लोबल ट्रेंड और रुपये में भारी गिरावट से सेफ-हेवन डिमांड को सपोर्ट मिलने से बुधवार को सोने की कीमतें बढ़ गईं। दिल्ली के सर्राफा बाजार में आज 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 670 रुपये बढ़कर 1,32,200 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। मंगलवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 1670 रुपये की भारी गिरावट के साथ 1,31,530 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। सोमवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 3040 रुपये बढ़कर 1,33,200 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया था। ट्रेडर्स ने कहा कि अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये के अब तक के सबसे निचले स्तर पर गिरने से आज बुलियन की कीमतें बढ़ गईं।
चांदी की कीमतों में लगातार 6 दिनों से जारी तेजी थमी
हालांकि, चांदी की कीमतों में लगातार 6 दिनों से जारी तेजी का सिलसिला आज थम गया। बुधवार को दिल्ली में चांदी की कीमत 460 रुपये गिरकर 1,80,900 रुपये प्रति किलो (सभी टैक्स के साथ) पर पहुंच गई। मंगलवार को दिल्ली में चांदी की कीमत 4360 रुपये की भारी बढ़त के साथ 1,81,360 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई थी। जबकि, सोमवार को चांदी का भाव 5800 रुपये की तेजी के साथ 1,77,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया था।
बुधवार को अब तक के निचले स्तर पर फिसला रुपया
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सीनियर एनालिस्ट (कमोडिटी) सौमिल गांधी ने कहा, “घरेलू बाजारों में सोने में मामूली बढ़त दर्ज की गई, जिसे मजबूत ग्लोबल ट्रेंड और भारतीय करेंसी में कमजोरी का सपोर्ट मिला।” बुधवार को, विदेशी फंड की लगातार निकासी और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के बीच रुपया पहली बार 90 डॉलर के लेवल को पार कर गया और 90.21 (प्रोविजनल) के अपने अब तक के सबसे निचले स्तर पर आ गया, जो पिछले बंद भाव से 25 पैसे कम था।
विदेशी बाजार में सोने-चांदी की कीमतों में तेजी
विदेशी बाजार में, हाजिर सोना हल्की बढ़त के साथ 4207.67 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड कर रहा था, जबकि चांदी बढ़त के साथ 58.47 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। आज कारोबार के दौरान चांदी लगभग 1 फीसदी बढ़कर 58.94 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई थी। सौमिल गांधी ने कहा फेडरल रिजर्व के अधिकारियों की नरम बातों ने अगले हफ्ते की FOMC मीटिंग में 25 बेसिस पॉइंट्स रेट कट की उम्मीदों को मजबूत किया है, जिससे अमेरिकी डॉलर के लिए मुश्किलें पैदा हुई हैं और बुलियन को सपोर्ट मिला है।







































