पीएम मोदी ने शनिवार को गौतमबुद्धनगर जिले के जेवर में एयरपोर्ट का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि इस एयरपोर्ट का उद्घाटन मैंने नहीं बल्कि आप लोगों ने किया है। उन्होंने लोगों से मोबाइल फोन की फ्लैशलाइट भी ऑन करने को कहा। पीएम मोदी ने कहा, “यहां उपस्थित हर व्यक्ति आज इस एयरपोर्ट का उद्घाटन कर रहा है। ये आपकी अमानत है। ये आपका भविष्य है। ये आपका पुरुषार्थ है और इसलिए उसका उद्घाटन भी आपके हाथों से हो रहा है।” उन्होंने कहा कि युवाओं को पता है कि यह जो काम हो रहा है, यह नौजवानों के भविष्य को नई उड़ान देने वाला काम है। आज हम विकसित यूपी, विकसित भारत अभियान का एक नया अध्याय शुरू कर रहे हैं।
पीएम मोदी ने कहा, “देश का सबसे बड़ा प्रदेश आज देश के सबसे अधिक इंटरनेशनल एयरपोर्ट्स वाले राज्यों में से एक हो गया है। आज मेरे लिए प्रसन्नता के दो कारण हैं। एक तो यह है कि इस एयरपोर्ट का शिलान्यास भी करने का सौभाग्य आप सबने मुझे दिया था। और आप सबने इस एयरपोर्ट के उद्घाटन का सौभाग्य भी मुझे दिया, लेकिन मैंने उस सौभाग्य को आपके साथ बांट दिया। दूसरा जिस उत्तर प्रदेश ने मुझे अपना प्रतिनिधि चुना, जिस उत्तर प्रदेश ने मुझे सांसद बनाया, उसकी पहचान के साथ उस उत्तर प्रदेश की पहचान के साथ इस भव्य एयरपोर्ट का नाम भी जुड़ेगा।
पीएम मोदी ने आगे कहा, “आप सभी देख रहे हैं कि आज पूरा विश्व कितना चिंतित है। पश्चिम एशिया में एक महीने से युद्ध चल रहा है। कई सारे देशों में खाने-पीने के सामान, पेट्रोल, डीजल, गैस, खाद, ऐसी कई जरूरी चीजों का चारों तरफ संकट पैदा हो गया है। हमारा भारत इस संकट का पूरी शक्ति से मुकाबला कर रहा है। देशवासियों की ताकत के भरोसे कर रहा है। भारत तो बहुत बड़ी मात्रा में कच्चा तेल और गैस इस युद्ध से प्रभावित इलाके से मंगाता है, इसलिए सरकार हर वह कदम उठा रही है, जिससे सामान्य परिवारों पर हमारे किसान भाई-बहनों पर इस संकट का बोझ ना पड़े। संकट के इस समय में भी अपने तेज विकास को निरंतर जारी रखा है।”
यहां देखें पूरा वीडियो
यह भी पढ़ें-
कोलकाता में भयंकर आंधी-तूफान, दो घंटे तक लैंड नहीं कर सका अमित शाह का विमान






































