राम सिंहमार, सोनीपत1 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

डांसरों के समर्थन में सपना चौधरी ने ये वीडियो जारी किया
हरियाणवी कलाकार सपना चौधरी की एक सोशल मीडिया पोस्ट पर हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में नया विवाद खड़ा हो गया। सपना की पोस्ट के कमेंट सेक्शन में एक बैकग्राउंड डांसर ने इंडस्ट्री पर गंभीर आरोप लगाए।
डांसर ने दावा किया कि हरियाणवी फिल्म और म्यूजिक इंडस्ट्री में काम करने वाले जूनियर कलाकारों और बैकग्राउंड डांसरों का शोषण किया जा रहा है। आवाज उठाते हैं तो कमेंट डिलीट किए जाते हैं। 18 घंटे काम करके 800 रुपए ही मिलते और पानी तक नहीं पीने को मिलता।
विवाद बढ़ने के बाद सपना चौधरी को खुद वीडियो जारी कर समर्थन देने की बात कही। वीडियो में उन्होंने बैकग्राउंड डांसरों की मांगों का समर्थन करते हुए उनकी पेमेंट बढ़ाने और सुविधाएं देने की जरूरत बताई। इतना ही नहीं, उन्होंने दिल्ली लौटते ही आंदोलन कर रहे डांसरों के बीच पहुंचने और उनके समर्थन में खड़े होने का भी ऐलान किया।
सपना ने किया था ये पोस्ट…

सपना चौधरी ने बुधवार को कई फोटो अपलोड किए थे।

सपना के इसी पोस्ट पर हरियाणवी बैकग्राउंड डांसर ने कमेंट किया है।
पढ़िए क्या है मामला…
मोटिवेशनल कोट के साथ नई तस्वीरों शेयर की थीं
सपना चौधरी ने हाल ही में अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर कुछ नई तस्वीरें साझा की थीं। तस्वीरों में वह एक क्रूज पर खड़ी नजर आ रही हैं। पोस्ट के साथ उन्होंने महिलाओं के लिए मोटिवेशनल कोट लिखा था। उन्होंने लिखा, “एक महिला से दूसरी महिला के लिए- सिर्फ छोटी उम्मीद मत करो, तुम खूबसूरत और खास चीज की हकदार हो।”
बैकग्राउंड डांसर ने कमेंट लिखकर लगाए गंभीर आरोप
सपना चौधरी की पोस्ट के कमेंट सेक्शन में हरियाणवी बैकग्राउंड डांसर सिम्मी नाम की युवती ने लंबा संदेश लिखकर इंडस्ट्री पर कई सवाल खड़े किए। उसने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपए कमाने वाली इंडस्ट्री आज भी गरीब कलाकारों और बैकग्राउंड डांसरों को उनका उचित हक नहीं दे रही है।
कमेंट में कहा गया कि गानों को हिट बनाने में बैकग्राउंड डांसर दिन-रात मेहनत करते हैं, लेकिन बदले में उन्हें मात्र 1000 से 1500 रुपये तक की मजदूरी दी जाती है। साथ ही महिला डांसरों की सुरक्षा, सम्मान और सुविधाओं को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए गए। डांसर ने आरोप लगाया कि कलाकार उनकी समस्याएं सुनने के बजाय कमेंट डिलीट कर रहे हैं।

सपना चौधरी की पोस्ट पर ये कमेंट किया गया था
विवाद बढ़ने पर सपना चौधरी ने वीडियो जारी किया…
सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर दी सफाई
सोशल मीडिया पर मामला चर्चा में आने के बाद सपना चौधरी ने अपने आधिकारिक अकाउंट से एक वीडियो जारी किया। वीडियो में उन्होंने कहा कि वह इस समय बाहर हैं, लेकिन जैसे ही उन्होंने फोन देखा तो बैकग्राउंड डांसरों की पेमेंट बढ़ाने को लेकर चल रहा मुद्दा ध्यान में आया।
उन्होंने कहा कि वह लंबे समय से इस इंडस्ट्री का हिस्सा हैं और कई बैकग्राउंड डांसरों और उनके कोऑर्डिनेटरों से मिलती रही हैं। उन्होंने हमेशा उन्हें अपनी सैलरी बढ़ाने के लिए आवाज उठाने की सलाह दी है।
बैकग्राउंड डांसरों को फुल सपोर्ट
सपना चौधरी ने वीडियो में कहा कि वह बैकग्राउंड डांसरों की मांगों से पूरी तरह सहमत हैं। उन्होंने कहा कि इन कलाकारों को न तो बेहतर प्रोडक्शन सुविधाएं मिलती हैं और न ही उचित हॉस्पिटैलिटी। कई बार उन्हें वह सम्मान भी नहीं मिलता जिसके वे हकदार हैं।
चार साल पहले उठ जाना चाहिए था यह मुद्दा
सपना चौधरी ने कहा कि उन्हें अफसोस है कि वह इस समय दिल्ली में नहीं हैं। यदि होतीं तो तुरंत इस आंदोलन का हिस्सा बनतीं। उन्होंने कहा कि यह मुद्दा आज नहीं बल्कि चार साल पहले उठ जाना चाहिए था। उनके अनुसार इंडस्ट्री में लगभग हर वर्ग की कमाई बढ़ी है, लेकिन बैकग्राउंड डांसरों की पेमेंट वर्षों से लगभग उसी स्तर पर बनी हुई है।
गाने की सफलता में बैकग्राउंड डांसरों का बड़ा योगदान
सपना चौधरी ने कहा कि किसी भी गाने की चमक-दमक और लोकप्रियता में बैकग्राउंड डांसरों का बहुत बड़ा योगदान होता है। बिना जूनियर आर्टिस्ट और बैकग्राउंड डांसरों के किसी भी गाने को आकर्षक बनाना संभव नहीं है।
अपने प्रोडक्शन हाउस में बढ़ा चुकी हैं पेमेंट
सपना चौधरी ने दावा किया कि उनके प्रोडक्शन हाउस में जूनियर आर्टिस्ट और बैकग्राउंड डांसरों की पेमेंट पहले ही बढ़ाई जा चुकी है। उन्होंने कहा कि वह खुद एक डांसर रही हैं और जानती हैं कि मंच और कैमरे के पीछे काम करने वाले कलाकार कितनी मेहनत करते हैं और अपने शरीर को कितना खपाते हैं।
दिल्ली लौटते ही आंदोलन में पहुंचने का वादा
वीडियो के अंत में सपना चौधरी ने कहा कि जैसे ही वह दिल्ली पहुंचेंगी, सबसे पहले बैकग्राउंड डांसरों और जूनियर आर्टिस्टों के बीच जाएंगी और उनकी लड़ाई में साथ खड़ी होंगी। उन्होंने अपना संदेश “जय हरियाणा, जय हरियाणवी” के साथ समाप्त किया।

कमेंट करने वाली सिम्मी का भी रोते हुए का एक वीडियो सामने आया है और डांसर कलाकारों का दर्द जाहिर करते-करते भावुक हो गई
बैकग्राउंड डांसर ने क्या आरोप लगाए…
- 800 रुपये में काम, पानी तक नहीं मिलता: सिम्मी ने कहा कि कुछ लोग खुद को लिरिसिस्ट बताते हैं और बच्चों को केवल 800 रुपये में काम पर ले जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कलाकारों को पानी तक नहीं दिया जाता और उनसे 24-24 घंटे तक काम करवाया जाता है।
- कलाकारों से भी की समर्थन की अपील: कलाकारों से भी अपील करते हुए कहा कि अगर वे बैकग्राउंड डांसरों और अन्य कलाकारों के लिए आवाज नहीं उठा सकते तो हरियाणवी संस्कृति को बढ़ावा देने की बात करने का कोई मतलब नहीं है। डायरेक्टरों-कलाकारों को बैकग्राउंड डांसरों और अन्य कलाकारों की पेमेंट बढ़ानी चाहिए और उन्हें भी एक कलाकार के तौर पर सम्मान दिया जाए।
- 18-18 घंटे काम कराने के आरोप: कि कई बार कलाकारों पर दबाव बनाया जाता है कि या तो शूट पूरा करो, नहीं तो पेमेंट नहीं मिलेगी। आरोप है कि कलाकारों से लगातार 18-18 घंटे तक काम करवाया जाता है, लेकिन उसके अनुरूप भुगतान नहीं किया जाता।

सोशल मीडिया पर चलाई जा रही कैंपेन
पानीपत के कोरियोग्राफर ने बताया कैसे हो रहा शोषण
8 हजार बैकग्राउंड डांसर काम कर रहे
बैकग्राउंड डांसरों की सैलरी को लेकर पानीपत निवासी कोरियोग्राफर और ग्रुप लीडर अमन शर्मा ने बैकग्राउंड डांसरों के हितों को लेकर सोशल मीडिया पर मुहिम शुरू की है। उनका कहना है कि हरियाणा में हजारों डांसर वर्षों से कम मेहनताना और कठिन परिस्थितियों में काम करने को मजबूर हैं।
अमन शर्मा ने बताया कि वह पिछले 15 वर्षों से हरियाणवी इंडस्ट्री में बतौर कोरियोग्राफर कार्य कर रहे हैं और वर्तमान में सोनीपत में रह रहे हैं। उनके अनुसार पूरे हरियाणा में करीब 7 से 8 हजार बैकग्राउंड डांसर सक्रिय हैं, जो विभिन्न म्यूजिक वीडियो और स्टेज कार्यक्रमों में काम करते हैं। सोशल मीडिया मुहिम को मिल रहा कलाकारों का समर्थन
अमन शर्मा ने बताया कि उन्होंने पांच दिन पहले सोशल मीडिया के माध्यम से बैकग्राउंड डांसरों के मुद्दे को उठाना शुरू किया था। इसके बाद हरियाणा भर के कलाकार उनके समर्थन में सामने आने लगे हैं। उन्होंने दावा किया कि गायक मासूम शर्मा, डांसर सपना चौधरी, प्रांजल दहिया, अमन जाजी टीम, मुकेश जाजी टीम समेत कई बड़े कलाकार उनकी वीडियो साझा कर रहे हैं और डांसरों की मांग को जायज ठहरा रहे हैं।
प्रोड्यूसर, डायरेक्टर और कंपनियों पर शोषण के आरोप
अमन शर्मा ने आरोप लगाया कि कुछ प्रोड्यूसर, डायरेक्टर और कंपनियां बैकग्राउंड डांसरों का शोषण कर रही हैं और उन्हें उनका उचित मेहनताना नहीं दिया जा रहा। उन्होंने कहा कि हरियाणा में 200 से अधिक प्रोड्यूसर, लगभग 400 डायरेक्टर और 700 से 800 कंपनियां सक्रिय हैं, लेकिन डांसरों के लिए कोई निश्चित भुगतान प्रणाली लागू नहीं है।
एक गाने में 6 से 8 डांसर, बड़े प्रोजेक्ट में 100 तक कलाकार
अमन शर्मा ने बताया कि सामान्य तौर पर एक गाने में 6 से 8 बैकग्राउंड डांसर काम करते हैं। उन्होंने दावा किया कि “मीठे तेरे बोल परी” गीत के लिए उन्होंने करीब 100 से अधिक बैकग्राउंड डांसर उपलब्ध कराए थे। उस प्रोजेक्ट में सभी डांसरों को 1500 रुपये के हिसाब से भुगतान मिला था। हालांकि उन्होंने कहा कि हरियाणा के लगभग 95 प्रतिशत गीतों में डांसरों को आज भी केवल 1000 से 1200 रुपये ही दिए जाते हैं।
महीने में 20 से 25 हजार रुपए तक ही पहुंचती है आय
अमन शर्मा के अनुसार बैकग्राउंड डांसरों का पूरा परिवार इसी काम पर निर्भर करता है। उन्होंने बताया कि एक पुरुष कलाकार को औसतन महीने में करीब 15 दिन और महिला कलाकार को 20 से 25 दिन तक काम मिल जाता है। इसके बावजूद एक कलाकार की मासिक आय लगभग 20 से 25 हजार रुपये तक ही पहुंच पाती है, जिसमें किराया और अन्य खर्च भी शामिल होते हैं।








































