
तेंदुए से भिड़ गया शख्स।
कटक: ओडिशा के कटक जिले के नरसिंहपुर में शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात एक हैरान कर देने वाली घटना घटी। पश्चिमी वनांचल वन विभाग के अंतर्गत आने वाले जयपुर सेक्शन के अनंत प्रसाद गांव में एक तेंदुए और एक युवक के बीच आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। इस संघर्ष में तेंदुए की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
सो रहे शख्स पर तेंदुए ने किया हमला
जानकारी के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब गांव का एक युवक अपने घर में सो रहा था। तभी अचानक एक तेंदुआ घर में घुस आया और सो रहे युवक पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से घर में अफरा-तफरी मच गई। अपनी जान बचाने के लिए युवक ने पूरी हिम्मत से तेंदुए का मुकाबला किया। दोनों के बीच कुछ देर तक संघर्ष चलता रहा। इस भिड़ंत के दौरान युवक के हमले की वजह से तेंदुए की मौत हो गई।
तेंदुए के हमले से युवक घायल
हालांकि, संघर्ष में युवक को भी शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। खून से लथपथ हालत में युवक को तुरंत नरसिंहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रातों-रात कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में रेफर कर दिया गया। घायल युवक की पहचान समर भोल के रूप में हुई है। युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
ग्रामीणों ने दी जानकारी
ग्रामीण मनोज कुमार बेहेरा ने कहा, “कल रात हम घर में सो रहे थे। अचानक घर में बाहर अजीब सी आवाजें आईं। हम बाहर आए तो देखा कि हमारी गाड़ियां जमीन पर पड़ी थीं। हमनें जब ट्रैक्टर के नीचे देखा तो हमें उसके नीचे एक तेंदुआ दिखाई दिया। हम जब अपने आप को बचाने के लिए वापस दरवाजे को बंद करने लगे तो तेंदुए ने हमपर हमला करने की कोशिश की। हमने तुरंत दरवाजे को बंद कर दिया। उसके बाद तेंदुआ गांव में इधर उधर घूमने लगा। हमारी 2 बाइक, 1 स्कूटी और ट्रैक्टर को तेंदुए ने काफी नुकसान पहुंचाया। हम घर के अंदर बैठकर खिड़की से यह सब देख रहे थे।”
वन विभाग ने किया अलर्ट
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। मृत तेंदुए को अपने कब्जे में लेकर वन विभाग ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। तेंदुए के गांव में घुसने के कारणों और घटना की परिस्थितियों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है। इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों में वन्यजीवों की सुरक्षा और अपनी जान-माल की चिंता को लेकर भय देखा जा रहा है। वन विभाग की ओर से लोगों से सतर्क रहने और रात के समय सावधानी बरतने की अपील की गई है। (इनपुट- शुभम कुमार)
यह भी पढ़ें-
ऐ भाई जरा देख के चलो! यूपी में रोड पर फिसलकर गिरने लगे लोग, कैमरे में Live कैद हुई घटना; VIDEO वायरल
मऊ: गार्ड को कुर्सी से बांधकर अस्पताल से डायलिसिस मशीन उठा ले गए चोर, CCTV में कैद हुई वारदात





































