Weather Report 29 April 2026: दिल्ली, हरियाणा और यूपी के कुछ इलाकों में भयानक गर्मी से परेशान लोगों को बुधवार सुबह तब राहत मिल गई, जब तेज आंधी और उसके साथ बारिश ने इलाके में मौसम का मिजाज बदल दिया। तड़के धूलभरी आंधी के बाद बारिश ने तापमान में गिरावट ला दी और लोगों ने राहत की सांस ली। दरअसल, पिछले कई दिनों से तेज धूप और लू ने लोगों को तंग किया हुआ था, लेकिन आज बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया। IMD ने बारिश और आंधी को लेकर अलर्ट भी जारी किया है। पढ़ें अपने इलाके के मौसम का अपडेट।
दिल्ली-NCR में आज दिनभर रहेगा बारिश-आंधी वाला मौसम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, दिल्ली और एनसीआर के क्षेत्र में 29 अप्रैल को मौसम दिनभर अस्थिर रह सकता है। सुबह, दोपहर और शाम- तीनों वक्त गरज-चमक के साथ बारिश पड़ने की संभावना है। इस दौरान, तेज सतही हवाएं भी चल सकती हैं। इस दौरान, आसमानी बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर भी अलर्ट जारी हुआ है। खराब मौसम के दौरान लोगों को खुली जगहों पर जाने से बचना चाहिए और सतर्क रहना चाहिए।
अगले दो दिन दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?
वहीं, 30 अप्रैल को भी दिल्ली और आसपास के इलाकों में मौसम का यही रुख बना रह सकता है। इस दिन भी गरजने के साथ बादल बरस भी सकते हैं, जिससे तापमान में और कमी आने की संभावना है। हालांकि, इसके बाद 1 मई से मौसम दोबारा साफ हो सकता है। इस दिन आसमान से काले बादल छंट चुके होंगे और धूप निकलने के साथ ही तापमान में फिर से बढ़ोतरी होगी।
रोहतक में लोगों को भीषण गर्मी से मिली राहत
हरियाणा में भी भीषण गर्मी से लोगों को कुछ राहत मिली है। आज सुबह तेज हवाओं के साथ आसमान में काले बादल छा गए और बारिश शुरू हो गई। लोगों को गर्मी से राहत मिली। पिछले कई दिनों से रोहतक में पारा 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चल रहा था। लोगों को भीषण गर्मी से बहुत परेशानी हो रही थी। बारिश ने रोहतक में मौसम सुहावना कर दिया।
पूर्वोत्तर और सब-हिमालयन इलाके में बारिश के आसार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, इस हफ्ते पूर्वोत्तर भारत में भारी वर्षा के साथ आसमान में गरज-चमक होगी। साथ ही, 40-60 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं, सब-हिमालयन सिक्किम, पश्चिम बंगाल और नॉर्थ-ईस्ट इंडिया में इस हफ्ते के कई दिनों तक कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
ये भी पढ़ें- मौसम विभाग ने दी गुड न्यूज, दिल्ली समेत कई राज्यों में अगले 3 दिन तक होगी बारिश, आंधी और तूफान के भी आसार






































