कांग्रेस में आगामी राज्यसभा चुनावों को लेकर मंथन तेज हो गया है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, मध्य प्रदेश, राजस्थान और कर्नाटक से कांग्रेस को राज्यसभा की कई सीटें मिलने की संभावना है, जबकि झारखंड में इंडिया ब्लॉक सहयोगी के तौर पर एक सीट कांग्रेस के खाते में जा सकती है।
राजस्थान से इन नामों पर चर्चा
सूत्रों के अनुसार, राजस्थान से जिन नामों पर सबसे ज्यादा चर्चा है, उनमें अशोक गहलोत, पवन खेड़ा और मौजूदा सांसद नीरज डांगी शामिल हैं। वहीं मध्य प्रदेश से कमलनाथ और जीतू पटवारी के नामों पर चर्चा चल रही है। बताया जा रहा है कि कमलनाथ ने हाल ही में सोनिया गांधी से मुलाकात कर राज्यसभा जाने की इच्छा भी जताई थी।
किसी पूर्व सीएम को भेजा जा सकता है राज्यसभा
कांग्रेस के अंदर इस बात की भी चर्चा है कि दिल्ली के 24 अकबर रोड स्थित टाइप-7 बंगले को बचाने के लिए किसी पूर्व मुख्यमंत्री को राज्यसभा भेजा जा सकता है। पार्टी के भीतर जिन नेताओं के नाम इस संदर्भ में चर्चा में हैं, उनमें अशोक गहलोत, कमलनाथ और भूपेश बघेल शामिल बताए जा रहे हैं।
मल्लिकार्जुन खरगे का राज्यसभा जाना तय
वहीं, कर्नाटक में मल्लिकार्जुन खरगे का राज्यसभा जाना लगभग तय माना जा रहा है। सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस को वहां दो सीटें पक्की मिल सकती हैं, जबकि तीसरी सीट को लेकर बातचीत जारी है। एक सीट लिंगायत समुदाय के प्रतिनिधित्व को ध्यान में रखकर दिए जाने की संभावना जताई जा रही है।
झारखंड से एक राज्यसभा जाने की उम्मीद
इसके अलावा झारखंड में इंडिया ब्लॉक के सहयोगी दलों के बीच सीट साझेदारी के तहत कांग्रेस को एक राज्यसभा सीट मिलने की चर्चा है। पार्टी नेतृत्व जल्द ही अंतिम नामों पर मुहर लगा सकता है।
ये भी पढ़ें:







































