शिमला/गुरुग्राम: हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले में घूमने गए एक परिवार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब उनकी खड़ी कार अचानक पीछे की ओर लुढ़ककर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में गुरुग्राम की एक महिला और उसके 11 महीने के बेटे की मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला घायल हो गई। मृतकों की पहचान 26 वर्षीय तनु कुमारी और उनके 11 महीने के बेटे दक्ष कुमार के रूप में हुई है। दोनों हरियाणा के गुरुग्राम के रहने वाले थे।
बेटे को दूध पिला रही थी महिला
पुलिस के मुताबिक, यह हादसा बुधवार को ग्राम्फू के पास कोकसर-रोहतांग मार्ग पर हुआ। परिवार मनाली से लाहौल-स्पीति की ओर जा रहा था। रास्ते में प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेने के लिए कार को सड़क किनारे रोका गया था। बताया गया कि वाहन चालक और अन्य यात्री आसपास के खूबसूरत नजारों को देखने के लिए गाड़ी से उतर गए थे। इस दौरान तनु कुमारी अपने बेटे को दूध पिला रही थीं, इसलिए वह गाड़ी के अंदर ही रहीं। उनके साथ एक अन्य महिला 52 वर्षीय सविता देवी भी कार में मौजूद थीं।
लुढ़कते हुए खाई में जा गिरी कार
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसी बीच ढलान पर खड़ी गाड़ी अचानक पीछे की ओर लुढ़कने लगी और देखते ही देखते गहरी खाई में जा गिरी। चश्मदीदों ने बताया कि कार अचानक पीछे लुढ़कने लगी थी और किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव अभियान शुरू किया। घायलों को मनाली के अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने तनु कुमारी और उनके बेटे दक्ष कुमार को मृत घोषित कर दिया। घायल सविता देवी का इलाज जारी है।
बेहद दुर्गम इलाके में हुई थी दुर्घटना
पुलिस के मुताबिक, दुर्घटनास्थल कोकसर से रोहतांग की ओर लगभग 8 किलोमीटर की ऊंचाई पर स्थित है। यह इलाका बेहद दुर्गम है और यहां मोबाइल नेटवर्क की सुविधा भी काफी कमजोर है। अधिकारियों का कहना है कि ऐसे दूरदराज क्षेत्रों में दुर्घटनाओं की जानकारी अक्सर प्रशासन तक देर से पहुंचती है। करीब 13,833 वर्ग किलोमीटर क्षेत्रफल वाला लाहौल-स्पीति हिमाचल प्रदेश का सबसे बड़ा जिला है। हालांकि, यहां की आबादी लगभग 35 हजार ही है, जिससे यह देश के सबसे कम आबादी वाले जिलों में भी शामिल है।
केस दर्ज करके जांच कर रही है पुलिस
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए हैं। लाहौल-स्पीति की पुलिस अधीक्षक शिवानी मेहला ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गाड़ी को पार्क करते समय हैंडब्रेक लगाया गया था या नहीं। इसके अलावा हादसे के अन्य संभावित कारणों की भी जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें:
चंबा में खाई में गिरी कार, एक ही गांव के 7 लोगों की मौत; मुंडन संस्कार के बाद लौट रहे थे सभी
मेरठ से खुशी-खुशी नैनीताल घूमने आया परिवार, टेंपो ट्रैवलर खाई में गिरी, 2 महिलाओं की मौत, 25 घायल







































