केंद्र सरकार, एनएलसी इंडिया लिमिटेड में अपनी 3 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचने जा रही है। सरकार 303 रुपये प्रति शेयर के भाव पर बिक्री पेशकश (OFS) के जरिए हिस्सेदारी बेचेगी। गैर-खुदरा निवेशकों के लिए ये बिक्री पेशकश मंगलवार को खुलेगी। जबकि, खुदरा निवेशकों के लिए ये बुधवार को उपलब्ध होगी।
DIPAM सचिव अरुणीश चावला ने दी जानकारी
निवेश और लोक परिसंपत्ति प्रबंधन विभाग (DIPAM) के सचिव अरुणीश चावला ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में लिखा, ”भारत सरकार एनएलसी इंडिया लिमिटेड (पहले नेवेली लिग्नाइट कॉरपोरेशन) में बिक्री पेशकश के माध्यम से मूल रूप से 2 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचने की घोषणा करती है। ज्यादा बोली आने की स्थिति में 1 प्रतिशत ‘ग्रीन शू’ विकल्प यानी अपने पास रखने का विकल्प रखा है।”
9.73 प्रतिशत के बंपर डिस्काउंट पर हिस्सेदारी खरीदने का मौका
एनएलसी इंडिया के शेयरों की बिक्री 303 रुपये प्रति इक्विटी के भाव पर की जाएगी। ये सोमवार को बीएसई पर 335.65 रुपये प्रति शेयर के बंद भाव से 9.73 प्रतिशत कम है। बताते चलें कि आज कारोबार के दौरान इस सरकारी कंपनी के शेयर 332.10 रुपये के इंट्राडे लो से लेकर 342.95 रुपये के इंट्राडे हाई तक पहुंचे थे। बीएसई पर इस माइनिंग कंपनी के शेयरों का 52 वीक हाई 387.70 रुपये है, जबकि इसका 52 वीक लो 220.25 रुपये है।
पिछले 5 सालों में 422.41 प्रतिशत बढ़ी है शेयरों की कीमत
बीएसई के आंकड़ों के मुताबिक, एनएलसी इंडिया लिमिटेड के शेयर की कीमतों में बीते 1 महीने में 2.33 प्रतिशत, 3 महीनों में 30.99 प्रतिशत, 6 महीनों में 42.01 प्रतिशत, 1 साल में 42.47 प्रतिशत, 2 साल में 51.88 प्रतिशत, 3 साल में 236.39 प्रतिशत, 5 साल में 422.41 प्रतिशत और पिछले 10 सालों में 380.53 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
शानदार है कंपनी का ट्रैक रिकॉर्ड
खुदरा निवेशकों के लिए बिक्री पेशकश 10 जून को खुलेगी। चावला ने कहा कि मजबूत ऑपरेशन्स और फाइनेंशियल परफॉर्मेंस, लगातार रिटर्न और शानदार डिविडेंड के साथ, एनएलसी लॉन्ग टर्म इंवेस्टमेंट का एक आकर्षक मौका प्रदान करती है।
चालू वित्त वर्ष में हिस्सेदारी बेचकर 12,166 करोड़ रुपये जुटा चुकी है सरकार
सरकार ने चालू वित्त वर्ष में अब तक पब्लिक सेक्टर की कंपनियों में अल्पांश हिस्सेदारी बेचकर 12,166 करोड़ रुपये जुटाए हैं। इनमें कोल इंडिया से 5,542 करोड़ रुपये, एनएचपीसी से 4,357 करोड़ रुपये और सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया से 2.27 करोड़ रुपये शामिल हैं।






































