8 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

14 साल बाद बॉलीवुड की हिट जोड़ी अक्षय कुमार और प्रियदर्शन एक बार फिर साथ आ रही है। दोनों की अपकमिंग हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘भूत बंगला’ को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह है। ‘हेरा फेरी’, ‘भूल भुलैया’ जैसी आइकॉनिक कॉमेडी फिल्मों के बाद यह जोड़ी फिर से उसी अंदाज में दर्शकों को गुदगुदाने की तैयारी में है।

हाल ही में अक्षय कुमार ने फिल्म से जुड़ा एक अजीब लेकिन मजेदार वीडियो शेयर किया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में अक्षय एक बिना सिर वाले भूत के साथ टहलते और कैजुअल बातचीत करते नजर आ रहे हैं। वह भूत से पूछते हैं, “क्या भूत सच में होते हैं?”

इस पर भूत मजेदार अंदाज में जवाब देता है कि उसे खुद नहीं पता। वह हंसी-हंसी में कहता है कि उसके पिता ने उसकी मां से कहा था कि वह भूत है, जबकि मां का दावा था कि पिता भूत हैं। आखिर में वह सबको अफवाह बताकर बात टाल देता है। डर और कॉमेडी का यह मिश्रण अक्षय की सिग्नेचर टाइमिंग के साथ फिल्म के मूड को बखूबी सेट करता है।

इसी बीच मेकर्स ने फिल्म का पहला गाना राम जी आके भला करेंगे रिलीज किया है, जिसने सोशल मीडिया पर धूम मचा दी है। गाने ने सभी प्लेटफॉर्म्स पर 55 मिलियन व्यूज का आंकड़ा पार कर लिया है। इससे साफ है कि दर्शक इस जोड़ी की वापसी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
फिल्म को बालाजी मोशन पिक्चर्स और केप ऑफ गुड फिल्म्स ने मिलकर प्रोड्यूस किया है। इसमें अक्षय कुमार के साथ वामीका गब्बी, परेश रावल, तब्बू और राजपाल यादव नजर आएंगे। फिल्म 10 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।






































