देश की राजधानी में सोमवार को कीमती धातुओं के बाजार में मिला-जुला रुख देखने को मिला। चांदी की कीमतों में जोरदार तेजी दर्ज की गई, जबकि सोना दबाव में आ गया। चांदी की कीमत 6,800 रुपये की बढ़ोतरी के साथ 2,49,500 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) पर पहुंच गई। यह तेजी घरेलू बाजार में जौहरियों और स्टॉकिस्टों की मजबूत खरीदारी के चलते आई, हालांकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में दबाव बना रहा। पीटीआई की खबर के मुताबिक, वहीं, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत में गिरावट दर्ज की गई। ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के अनुसार, सोना 2,000 रुपये या 1.3 प्रतिशत टूटकर 1,52,800 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) पर आ गया, जो पहले 1,54,800 रुपये प्रति 10 ग्राम था।
एक्सपर्ट ने क्या कहा?
बाजार विशेषज्ञ सौमिल गांधी के अनुसार, सोमवार को सोने में गिरावट सीमित कारोबार के बीच देखी गई, क्योंकि बाजार ऊर्जा कीमतों में तेजी और अमेरिका-ईरान वार्ता से जुड़ी अनिश्चितताओं के प्रभाव का आकलन कर रहा था। उन्होंने कहा कि कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों ने इस धारणा को मजबूत किया है कि ब्याज दरें लंबे समय तक ऊंची रह सकती हैं और साल के अंत तक और सख्ती की संभावना भी बनी हुई है। इस स्थिति ने अमेरिकी डॉलर और ट्रेजरी यील्ड को मजबूती दी है, जिससे कीमती धातुओं पर दबाव बढ़ा है।
अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमतों का रुझान
वैश्विक बाजार में भी कमजोरी देखने को मिली। हाजिर चांदी 2.55 प्रतिशत गिरकर 73.43 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई, जबकि सोना 1.07 प्रतिशत टूटकर 4,565.68 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। प्रवीण सिंह के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोना फिलहाल 4,560 डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार कर रहा है। कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी के चलते बाजार में अनिश्चितता बनी हुई है, खासकर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर। उन्होंने बताया कि शुरुआत में तेल की कीमतों में गिरावट आई थी, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने “प्रोजेक्ट फ्रीडम” के तहत स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में शिपिंग सुरक्षा बढ़ाने की घोषणा की थी।
लेकिन योजना को लेकर स्पष्टता न होने से फिर से कच्चे तेल में खरीदारी बढ़ गई। इसके साथ ही, ईरान के एक वरिष्ठ सांसद ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में अमेरिकी हस्तक्षेप को संघर्षविराम का उल्लंघन बताते हुए भू-राजनीतिक तनाव को और बढ़ा दिया है, जिससे वैश्विक बाजारों में अस्थिरता बनी हुई है।







































