Dispur Election Result 2026: असम विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजे घोषित हो चुके हैं। राजधानी की दिसपुर सीट से बीजेपी के प्रद्युत बोरदोलोई ने जीत हासिल की है। उन्होंने कुल 1,03,337 वोट प्राप्त कर कांग्रेस की मीरा बोरठाकुर गोस्वामी को 49,667 वोटों के बड़े अंतर से हराया। मीरा गोस्वामी को 53,670 वोट मिले। निर्दलीय उम्मीदवार जयंत कुमार दास तीसरे स्थान पर रहे, जिन्हें 22,802 वोट मिले।
दिसपुर से बीजेपी ने अपने मौजूदा विधायक अतुल बोरा का टिकट काट दिया था और कांग्रेस से आए पूर्व सांसद प्रद्युत बोरदोलोई को अपना चेहरा बनाया था। बोरदोलोई इससे पहले कांग्रेस के टिकट पर नागांव से सांसद थे। वहीं, कांग्रेस पार्टी ने अपनी फायरब्रांड नेता और असम महिला कांग्रेस की अध्यक्ष मीरा बोरठाकुर गोस्वामी पर भरोसा जताते हुए उन्हें मैदान में उतारा था।
सीट का चुनावी इतिहास
शुरुआती दशकों में विभिन्न क्षेत्रीय दलों के प्रभाव के बाद 2000 के दशक में अकोन बोरा जैसे नेताओं के नेतृत्व में यह सीट कांग्रेस का मजबूत आधार बनी रही। हालांकि, 2016 के चुनाव में राजनीतिक परिदृश्य पूरी तरह बदल गया। बीजेपी के उम्मीदवार अतुल बोरा ने यहां न केवल जीत दर्ज की, बल्कि 2021 के चुनाव में राज्य के सबसे बड़े जीत के अंतरों में से एक (करीब 1.21 लाख वोट) के साथ दोबारा विधायक बनकर इसे भाजपा के सबसे सुरक्षित किले के रूप में स्थापित कर दिया।







































