बॉलीवुड अभिनेता पुलकित सम्राट और वरुण शर्मा हाल ही में जयपुर में नजर आए।
बॉलीवुड अभिनेता पुलकित सम्राट और वरुण शर्मा हाल ही में जयपुर में नजर आए। दोनों कलाकार अपनी आगामी फिल्म राहू केतू के प्रमोशन के लिए जयपुर आए थे। जयपुर विजिट के दौरान दोनों ने शहर की सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक स्वाद का अनुभव लिया।
.
प्रमोशन के बीच पुलकित और वरुण कूकस स्थित प्रसिद्ध विरासत हेरिटेज रेस्त्रां पहुंचे, जहां उन्होंने राजस्थान के पारंपरिक व्यंजन दाल-बाटी-चूरमा का स्वाद चखा। राजस्थानी भोजन का लुत्फ उठाते हुए दोनों कलाकार स्थानीय संस्कृति में पूरी तरह रंगे नजर आए।

पुलकित ने महिला कलाकार के साथ जमकर डांस किया।
लोक कलाकारों संग पुलकित का धमाकेदार डांस
रेस्तरां में आयोजित लोक सांस्कृतिक प्रस्तुति के दौरान पुलकित सम्राट खुद को रोक नहीं पाए और राजस्थानी लोक कलाकारों के साथ जमकर नाचते नजर आए। खास बात यह रही कि पुलकित ने महिला लोक कलाकार के साथ पूरी तरह देसी अंदाज में राजस्थानी गीतों पर डांस किया। उनके एनर्जी से भरपूर डांस स्टेप्स और सहज अंदाज ने वहां मौजूद हर किसी को चकित कर दिया। पुलकित के इस अंदाज की खास तौर पर उनके साथी कलाकार वरुण शर्मा ने भी जमकर तारीफ की और मुस्कुराते हुए उनका उत्साह बढ़ाया।

वरुण शर्मा ने राजस्थानी व्यंजनों का जमकर लुत्फ उठाया।
रेस्तरां की कला और कारीगरी ने किया मंत्रमुग्ध
इस दौरान विरासत हैरिटेज रेस्तरां के फाउंडर मनीष तांबी ने दोनों कलाकारों को रेस्तरां की अनूठी कला, कारीगरी और आर्ट कलेक्शन के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रेस्तरां की दीवारों पर मीनाकारी और पोलकी वर्क किया गया है, साथ ही इसमें 24 कैरेट गोल्ड का भी विशेष उपयोग हुआ है।
रेस्तरां में प्रदर्शित एक दुर्लभ पेंटिंग ने भी कलाकारों का खास ध्यान खींचा, जिसमें करीब 10 लाख आकृतियों के जरिए रामायण की पूरी कथा को मिनिएचर आर्ट के रूप में दर्शाया गया है।

पुलकित ने अपने जैकेट को सिर पर ओढ़कर महिला कलाकार की तरह ठूमके लगाए।
पेंटिंग को देखना खास रहा
इस मौके पर पुलकित सम्राट ने कहा कि यहां आना मेरे लिए बेहद खास अनुभव रहा। पूरे रेस्तरां को 24 कैरेट गोल्ड से सजाया गया है। हमने यहां एक ऐसी रेयर पेंटिंग देखी, जिसमें रामायण की पूरी कहानी बेहद बारीकी से उकेरी गई है। यह कला सचमुच अद्भुत है।
वहीं वरुण शर्मा ने कहा कि हमारी फिल्म ‘राहू केतू’ जल्द ही रिलीज होने वाली है और हमारी कहानी भी कहीं न कहीं यहां लगी पेंटिंग से जुड़ती हुई महसूस होती है। राजस्थानी खाने का तो कोई मुकाबला ही नहीं है। जयपुर में हमने यहां के खान-पान और सांस्कृतिक विरासत को करीब से समझने की पूरी कोशिश की।

पुलकित ने बताया कि इस पेंटिंग में 10 लाख आकृतियों को बारीकि से चित्रित किया गया है।

वरुण ने कहा कि इन रेयर पेंटिंग्स की कीमत तय करना भी आसान नहीं है।
मनीष तांबी ने कहा कि जयपुर प्रवास के दौरान पुलकित सम्राट और वरुण शर्मा ने न सिर्फ अपनी फिल्म का प्रमोशन किया, बल्कि राजस्थान की समृद्ध संस्कृति, लोक कला और पारंपरिक खान-पान से भी गहरा जुड़ाव दिखाया। उनके इस देसी और दिलकश अंदाज ने जयपुरवासियों और फैंस के बीच खास चर्चा बटोरी।

दोनों कलाकार फि्रलम राहू-केतू के प्रमोशन के लिए आए हुए थे।

पुलकित ने खाना शुरू करने से पहले भगवान को याद किया।







































