गुरुग्राम में एसटीएफ और क्राइम ब्रांच की टीम द्वारा पकड़े गए चार बदमाशों को सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
‘लड़की ब्यूटीफुल, कर गई चुल्ल’ सॉन्ग फेम बॉलीवुड सिंगर राहुल यादव फाजिलपुरिया की हत्या करने 5 शूटर गुरुग्राम पहुंच गए। ये बिना नंबर प्लेट की इनोवा में जा रहे थे। वह घर की तरफ जा रहे थे लेकिन 10 किमी दूर पुलिस ने घेर लिया।जिसके बाद दोनों में मुठभेड़ हुई
.
जिसमें 4 शूटरों के पैर में गोली लग गई। जिसके बाद पुलिस ने सभी 5 शूटरों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं 2 पुलिसकर्मियों को भी गोली लग गई, हालांकि बुलेटप्रूफ जैकेट से उनकी जान बच गई। पुलिस की जांच में पता चला कि इन्हें विदेश में बैठे गैंगस्टर दीपक नांदल और रोहित सरधानिया ने भेजा था। जिनका फाजिलपुरिया से 5 करोड़ के लेन-देन को लेकर रंजिश चल रही है।
नांदल-सरधानिया की गैंग कुछ दिन पहले गुरुग्राम में दिल्ली के फाइनेंसर रोहित शौकीन की भी हत्या करा चुका है। पकड़े गए शूटर झज्जर और सोनीपत के हैं। उनकी मुठभेड़ गुरुग्राम STF और क्राइम ब्रांच के साथ हुई।
मुठभेड़ में घायल बदमाशों के PHOTOS…




सिलसिलेवार ढंग से जानिए, कैसे हुई मुठभेड़
- 4 शूटर्स के पैर में गोली लगी: सूचना के आधार पर टीमों ने गुरुग्राम के पटौदी रोड के वजीरपुर इलाके में दोनों टीमों ने डेरा डाला। इस दौरान बिना नंबर प्लेट वाली कार को रोका गया। लेकिन कार रोकने की बजाय उसमें सवार लोगों ने फायरिंग शुरू कर दी। दोनों तरफ से हुई फायरिंग में 4 लोगों के पैरों में गोली लगी, जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
- एक शूटर को पीछा कर पकड़ा: एक शूटर को पीछा करके पकड़ा। एनकाउंटर के दौरान विनोद पहलवान, पदम, शुभम और आशीष को गोली लगी है। जबकि गौतम उर्फ गोगी को को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है। पुलिस टीमें आरोपियों की कुंडली खंगाल रही है कि वे पहले किन किन वारदातों में शामिल रह चुके हैं।
- दो झज्जर के, तीन सोनीपत के रहने वाले: STF डीएसपी प्रितपाल सिंह के अनुसार गिरफ्तार बदमाश विदेश में बैठे गैंगस्टर रोहित सरधानिया और दीपक नांदल के शार्प शूटर हैं। आरोपियों की पहचान विनोद उर्फ पहलवान निवासी लोवा माजरा जिला झज्जर, पदम उर्फ राजा निवासी गांव लोवा माजरा झज्जर, आशीष उर्फ आशु निवासी सोनीपत, गौतम उर्फ गोगी निवासी दिपालपुर जिला सोनीपत और शुभम उर्फ काला निवासी गांव जाजल जिला सोनीपत के रूप में हुई है।

अब सिलसिलेवार ढंग से पढ़िए, सिंगर फाजिलपुरिया पर हमले की कहानी…

सिंगर राहुल यादव उर्फ फाजिलपुरिया पर 14 जुलाई को फायरिंग की गई थी।
- 14 जुलाई को फाजिलपुरिया पर हुई थी फायरिंग: सिंगर राहुल यादव उर्फ फाजिलपुरिया पर 14 जुलाई को साउथ पेरिफेरियल रोड से फाजिलपुर की तरफ जाने वाले रोड पर फायरिंग की गई थी। जिसमें सिंगर बाल-बाल बच गए थे। उसके कुछ दिन बाद 4 अगस्त को फाजिलपुरिया के साथी रोहित शौकीन की गुरुग्राम में सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इन दोनों वारदातों की जिम्मेवारी विदेश में बैठे गैंगस्टर सुनील सरधानिया और दीपक नांदल ने ली थी ।
- हमले का पैटर्न सिद्धू मूसेवाला की हत्या जैसा फाजिलपुरिया पर हमले के पैटर्न को पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला से जोड़कर देखा गया। मूसेवाला की 29 मई 2022 को पंजाब के मानसा में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसकी जिम्मेदारी कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस गैंग ने ली थी। हत्या से पहले मूसेवाला की भी पंजाब सरकार ने सिक्योरिटी कम कर दी थी। जिस दिन हमला हुआ, मूसेवाला थार गाड़ी में 2 दोस्तों के साथ जा रहे थे। हमलावरों ने उनकी थार का पीछा कर उन्हें गोलियां मारीं थी। हालांकि मूसेवाला ने गाड़ी भगाने की जगह उनका मुकाबला किया। मगर शूटरों के पास आधुनिक हथियार थे और उनकी संख्या भी ज्यादा थी, जिस वजह से वे मूसेवाला की हत्या करने में कामयाब रहे थे।
- विदेश में बैठा है सुनील सरधानिया: सुनील सरधानिया रोहतक का रहने वाला है। उस पर पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज है। वह 2024 में फर्जी पासपोर्ट पर विदेश भाग गया था। सिंगर राहुल फाजिलपुरिया पर हमले के बाद उसका नाम चर्चा में आया। उसके बाद रोहित शौकीन मर्डर की जिम्मेदारी उसने ली। हाल ही में भिवानी की मनीषा की मौत के जिम्मेदार लोगों को एक लाख देने का ऐलान भी सुनील सरधानिया की तरफ से किया गया है।

फाजिलपुरिया के फाइनेंसर रोहित शौकीन की हत्या की थी
गुरुग्राम में करीब 23 दिन पहले दिल्ली के फाइनेंसर व प्रॉपर्टी डीलर की ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। उसके शरीर को गोलियां से बुरी तरह से छलनी किया गया था। हमलावरों ने उन्हें फोन कर दिल्ली से बुलाया था। फाइनेंसर रोहित शौकीन (40) दिल्ली के नांगलोई इलाके के रहने वाले थे। कत्ल के बाद सामने आया था कि रोहित शौकीन के हरियाणवी सिंगर राहुल यादव फाजिलपुरिया के फाइनेंसर हैं। हालांकि फाजिलपुरिया ने इससे इनकार करते हुए कहा कि मेरा उससे कोई लेना-देना नहीं। मैं तो उसे जानता तक नहीं हूं।

कथित पोस्ट, जिसमें हत्या की जिम्मेवारी ली गईथी।
वहीं रोहित के परिवार का कहना है कि दीपक नांदल ने फोन कर रोहित को दिल्ली से गुरुग्राम बुलाया था। दीपक ने ही फाजिलपुरिया से रोहित की दोस्ती कराई थी। फाजिलपुरिया, दीपक नांदल, सुनील सरधानिया और रोहित शौकीन खास दोस्त थे। रोहित को दीपक से रुपए लेने थे। रोहित अपने भाई की गाड़ी से आया था और एक ड्राइवर को भी साथ लाया था।
रोहित की हत्या की जिम्मेदारी सुनील सरधानिया नाम के युवक ने ली है। एक पोस्ट सामने आई है, जिसमें कहा गया है कि फाजिलपुरिया को हमारे पैसे देने पड़ेंगे। अगर नहीं दिए, तो इस लड़ाई में बहुत लोग मारे जाएंगे। आखिरी में सुनील सरधानिया, दीपक नांदल और राव इंद्रजीत यादव का नाम लिखा है। हालांकि, दैनिक भास्कर इस पोस्ट की पुष्टि नहीं करता।







































