शो के दौरान छात्रा के बारे में बोलते दिलजीत दोसांझ और पुलिस से भिड़ती छात्रा।
पंजाबी सिंगर-एक्टर दिलजीत दोसांझ चंडीगढ़ पुलिस से भिड़ने वाली पंजाब यूनिवर्सिटी (PU) की वायरल छात्रा हरमनप्रीत कौर के फैन हो गए हैं। दिलजीत ने ओरा टूर-2025 के दौरान ऑस्ट्रेलिया शो में हरमनप्रीत के लिए तालियां बजवाईं।
.
दिलजीत दोसांझ ने फैंस की भीड़ के बीच कहा-
लड़कियों की बात होनी चाहिए…..आपने देखी पंजाब यूनिवर्सिटी वाली लड़की की वीडियो, बाजू छोड़ कहती…. हम सभी की तरफ से यही संदेश है कि पंजाब यूनिवर्सिटी पंजाब की होनी चाहिए, जो चीज पंजाब की है, पंजाब को मिलनी चाहिए। जिन लड़कियों ने हौसला दिखाया, उनके लिए जोरदार ताली होनी चाहिए

PU में हुए प्रदर्शन के दौरान हरमनप्रीत यूनिवर्सिटी में जाना चाहती थी लेकिन चंडीगढ़ पुलिस ने हाथ पकड़कर रोक लिया। जिसके बाद हरमन पुलिस से भिड़ गई और कहा कि हाथ छोड़, अगर कुछ हो गया तो फिर देख लेना। छात्रा का यह वीडियो खूब वायरल हुआ था। छात्रा पंजाब में रोपड़ के आनंदपुर साहिब में नूरपुर बेदी की रहने वाली है।

छात्रा हरमनप्रीत कौर ने चिल्लाते हुए पुलिस को कहा था कि उसका हाथ छोड़ो।
कैसे वायरल हुई PU की छात्रा, सिलसिलेवार ढंग से पढ़िए…
पंजाब यूनिवर्सिटी में सीनेट और सिंडिकेट भंग करने को लेकर स्टूडेंट्स विरोध कर रहे हैं। हालांकि केंद्र सरकार ने यह नोटिफिकेशन वापस ले लिया। मगर, इसके बाद स्टूडेंट्स सीनेट इलेक्शन कराने पर अड़ गए। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने इसकी सहमति दी तो स्टूडेंट्स ने कहा कि इसकी तारीख की घोषणा हो। इसको लेकर 10 नवंबर को चंडीगढ़ में बड़ा प्रदर्शन हुआ।
छात्रा हॉस्टल जाना चाहती थी: नूरपुर बेदी की रहने वाली हरमनप्रीत कौर पंजाब यूनिवर्सिटी में एंथ्रोपोलॉजी डिपार्टमेंट की सेकेंड ईयर की स्टूडेंट है। वह घर से आई और हॉस्टल जाना चाहती थी। मगर, प्रदर्शन की वजह से तैनात चंडीगढ़ पुलिस ने उसे यूनिवर्सिटी के गेट पर रोक लिया गया। जब उसने यूनिवर्सिटी के गेट को पार करना चाहा तो वहां मौजूद महिला पुलिस कर्मचारी ने रोक लिया और उसका हाथ पकड़ लिया। इसके बाद उसकी पुलिस कर्मचारियों से बहस हो गई।

10 नवंबर को हुए प्रदर्शन के दौरान स्टूडेंट्स को यूनिवर्सिटी में घुसने से रोकते वक्त समझाने के लिए चंडीगढ़ की SSP कंवरदीप कौर को तक गेट पर चढ़ना पड़ा।
छात्रा और चंडीगढ़ पुलिस की महिला कर्मियों की बीच की बहस पढ़िए…
छात्रा: फिर भी भेजना है पुलिसकर्मी: बिल्कुल भेजेंगे
छात्रा: भेजो लड़की ने दूसरी पुलिसकर्मी से कहा- बांह छोड़ पुलिसकर्मी: आराम से
छात्रा: बांह छोड़, बांह क्यों पकड़ रखी है। मुझ पर लग गई तो अपना हिसाब लगा लेना पुलिसकर्मी: क्या हिसाब लगा लेना।
छात्रा (गुस्से में): बांह छोड़ पुलिसकर्मी: मैडम, भेज देंगे।
छात्रा: बांह छोड़। पुलिसकर्मी (दूसरी पुलिसकर्मी से): बांह छोड़ दो मैडम।
छात्रा: बांह छोड़ पुलिसकर्मी: रिक्वेस्ट है आपसे, चैक करवा लो, फिर आपको भेज देंगे।
छात्रा: चैक करवा लिया, फिर भी । गेट खोल। अब अगर रोका तो देख लेना।

छात्रा हरमनप्रीत कौर ने बताया था कि ID होने के बावजूद पुलिस यूनिवर्सिटी में नहीं जाने दे रही थी।
बहस को लेकर छात्रा ने क्या कहा था…
- मुझसे हाथापाई की थी: बहस का वीडियो सामने आने पर छात्रा ने कहा था कि ID दिखाने के बावजूद उसे हॉस्टल नहीं जाने दिया। 3-4 पुलिसकर्मियों ने मुझे पकड़ लिया। मैं पहले उनके साथ प्यार से पेश आई। लेकिन वह अच्छे ढंग से बात नहीं कर रहीं थी। उन्होंने हाथापाई की।
- पीट लेंगे या पर्चा दे देंगे: छात्रा ने कहा था कि मुझे पीट लेंगे या पर्चा दे देंगे, इससे ज्यादा कुछ नहीं कर सकेंगे। गेट ओपन करने के लिए उन्होंने काफी टाइम लगा दिया। घरवालों को तो प्राउड फील हुआ कि हमारा बच्चा बहादुर है। सही वजह से विरोध किया। अपने अधिकार के लिए बोलने को उन्होंने सही ठहराया।





































