
भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील होने की खबर ने मंगलवार को घरेलू शेयर बाजार के लिए मानो संजीवनी का काम किया है। बीएसई सेंसेक्स कारोबार के आखिर में 2072.67 अंक की धमाकेदार उछाल के साथ 83,739.13 के लेवल पर बंद हुआ। इसी तरह, एनएसई का निफ्टी भी 639.15 अंक की जोरदार बढ़त के साथ 25727.55 के लेवल पर बंद हुआ। निफ्टी मिडकैप 100 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स ने बेंचमार्क से बेहतर परफॉर्म करना जारी रखा, दोनों में करीब 3 परसेंट की बढ़त हुई। यह दर्शाता है कि वे रिस्क लेने की ताकत रखते हैं और फ्रंटलाइन स्टॉक्स के अलावा बड़े पैमाने पर खरीदारी हो रही है।
4,205.27 पॉइंट्स तक उछल गया था सेंसेक्स
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 4,205.27 पॉइंट्स या 5.14 प्रतिशत बढ़कर 85,871.73 के इंट्राडे हाई पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 1,252.8 पॉइंट्स या 5 प्रतिशत बढ़कर 26,341.20 पर पहुंच गया। आज एक ही दिन में मार्केट कैपिटलाइजेशन ₹12.5 लाख करोड़ से ज़्यादा बढ़ गया। बता दें, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कन्फर्म किया कि भारतीय सामानों पर आपसी टैरिफ को 25 प्रतिशत से घटाकर 18% कर दिया जाएगा। बदले में, भारत अमेरिकी प्रोडक्ट्स पर टैरिफ और नॉन-टैरिफ बैरियर दोनों को काफी कम करने पर राजी हो गया, जिससे वे असल में ज़ीरो हो गए।

मंगलवार को बीएसई सेंसेक्स में शामिल कंपनियों का प्रदर्शन।
पिछले पांच वर्षों की सबसे बड़ी एकदिनी बढ़त
शेयर बाजार में आई तेज़ी ने निफ्टी को लगभग पिछले पांच वर्षों की सबसे बड़ी एकदिनी बढ़त की ओर पहुंचा दिया। इस तेजी का असर सिर्फ इक्विटी बाजार तक सीमित नहीं रहा। घरेलू मुद्रा रुपये में भी मजबूती देखने को मिली, और रुपया नवंबर 2022 के बाद अपने सबसे बेहतरीन सत्र की ओर बढ़ता नजर आया। डॉलर के मुकाबले रुपये में आई मजबूती ने विदेशी निवेशकों का भरोसा भी बढ़ाया। वैश्विक संकेतों और अमेरिका से जुड़ी सकारात्मक खबरों के बीच निवेशकों ने जोखिम लेने की प्रवृत्ति दिखाई, जिसका सीधा फायदा शेयर बाजार और रुपये दोनों को मिला।
शेयर बाजार में चौतरफा तेजी का माहौल रहा। सभी 16 प्रमुख सेक्टोरल इंडेक्स हरे निशान में कारोबार करते नजर आए। बड़े शेयरों के साथ-साथ मिड और स्मॉल कैप सेगमेंट में भी दमदार खरीदारी देखने को मिली।




































