सेडान कारों के शौकीनों के लिए एक बेहद रोमांचक खबर आई है। दिग्गज कार निर्माता कंपनी हौंडा कार्स इंडिया (Honda Cars India) ने आखिरकार अपनी सबसे लोकप्रिय सेडान कार होंडा सिटी का नया फेसलिफ्ट अवतार आधिकारिक तौर पर भारत में लॉन्च कर दिया है। नई होंडा सिटी फेसलिफ्ट (Honda City Facelift) की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत ₹12 लाख तय की गई है।
मिडसाइज सेडान सेगमेंट में बढ़ती कॉम्पिटिशन को देखते हुए हौंडा ने इस बार कार के लुक्स और फीचर्स में कई बड़े बदलाव किए हैं। कंपनी का यह नया दांव बाजार में पहले से मौजूद हुंडई वरना (Hyundai Verna) और फॉक्सवेगन विर्टस (Volkswagen Virtus) जैसी दमदार कारों के लिए बड़ी मुसीबत खड़ी करने वाला है।
लुक में हुआ बड़ा बदलाव
होंडा सिटी का यह कोई जनरेशन चेंज मॉडल नहीं है, बल्कि एक मिड-लाइफ अपडेट है। इसके बावजूद कंपनी ने इसके लुक को पूरी तरह से फ्रेश और प्रीमियम बना दिया है। कार के फ्रंट में एक बिल्कुल नए डिजाइन की रिवाइज्ड ग्रिल दी गई है। इसके साथ ही फ्रंट बंपर को भी थोड़ा बदलाव किया गया है। कार में नए अलॉय व्हील्स का सेट और अपडेटेड एलईडी लाइटिंग एलिमेंट्स देखने को मिलते हैं, जो इसे सड़क पर एक क्लीनर और शार्प लुक देते हैं। यह कार अपने कल्ट डिजाइन को बरकरार रखते हुए अब पहले से कहीं ज्यादा स्पोर्टी और मॉडर्न नजर आती है।
लक्जरी इंटीरियर और धांसू फीचर्स की भरमार
कार के केबिन के अंदर का लेआउट भले ही जाना-पहचाना सा लगता है, लेकिन इसकी फीचर लिस्ट को पहले से काफी ज्यादा अपग्रेड कर दिया गया है। नई होंडा सिटी फेसलिफ्ट में स्मार्टफोन कनेक्टिविटी के साथ एक बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले, कनेक्टेड कार टेक और ग्राहकों की पसंदीदा इलेक्ट्रिक सनरूफ को बरकरार रखा गया है। इसके अलावा, सेफ्टी के मोर्चे पर कंपनी ने सबसे ज्यादा ध्यान दिया है। नई सिटी में होंडा सेंसिंग सुइट के तहत एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (ADAS) का एडवांस पैकेज दिया गया है, जो इस बजट में यात्रियों को बेहतरीन सुरक्षा प्रदान करेगा।
दमदार इंजन में कोई बदलाव नहीं
मैकेनिकल मोर्चे पर कंपनी ने कोई फेरबदल नहीं किया है। नई हौंडा सिटी फेसलिफ्ट में पहले की तरह ही भरोसा जताने वाला 1.5-लीटर की क्षमता का नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन दिया गया है। यह इंजन मैनुअल और सीवीटी गियरबॉक्स दोनों विकल्पों के साथ उपलब्ध है।






































