मौसम विभाग ने कल दिन भर की बारिश के रेड अलर्ट के बाद आज भी राजधानी दिल्ली समेत 15 राज्यों के लिए भारी बारिश का येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कई राज्यों के लिए गंभीर ‘रेड अलर्ट’ और उच्च-स्तरीय मौसम संबंधी सलाह जारी की है, जिसमें लगातार भारी बारिश, स्थानीय स्तर पर बादल फटने और ज़बरदस्त बिजली कड़कने के साथ तूफ़ान की चेतावनी दी गई है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र, उत्तरी केरल और ओडिशा व पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों में हाई अलर्ट जारी है, क्योंकि चक्रवाती परिसंचरण और सक्रिय मॉनसून ट्रफ़ के कारण देश भर में बारिश तेज़ हो गई है।
दिल्ली में आज येलो-ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने बताया है कि भारी बारिश लाने वाले बादलों का बड़ा समूह अब NCR के पश्चिम से हरियाणा की ओर बढ़ गया है। UP में दिख रही बारिश की पट्टियां (feeder bands) आज दिल्ली NCR की ओर बढ़ेंगी और यहां असर डालेंगी। विभाग ने बताया है कि आज सुबह 11 बजे से रात 8 बजे के बीच मध्यम से भारी बारिश के दौर (20-60mm) रुक-रुक कर देखने को मिलेंगे।
आज कहां कहां बरसेंगे बादल
नोएडा और गाजियाबाद में ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है।
गुरुग्राम और फरीदाबाद के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है।
दिल्ली में कल भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया था, आज येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
ओडिशा में कुछ जगहों पर आज भारी से बहुत भारी बारिश और कहीं-कहीं बहुत ज़्यादा भारी बारिश होने की संभावना है।
तटीय कर्नाटक, पूर्वी मध्य प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, केरल और माहे तथा दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
इन राज्यों में भारी बारिश का है अलर्ट
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, बिहार, छत्तीसगढ़, पूर्वी उत्तर प्रदेश, गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, लक्षद्वीप, मध्य महाराष्ट्र, नागालैंड, मणिपुर, मिज़ोरम और त्रिपुरा, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, उत्तराखंड और पश्चिमी मध्य प्रदेश में कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है। भारत के कई हिस्सों में लगातार हो रही मॉनसून की बारिश के कारण भारी जल-जमाव, शहरी इलाकों में बाढ़ और यातायात में भारी अव्यवस्था पैदा हो गई है।
बारिश के दौरान याद रखें ये खास बातें
- भारी बारिश के अलर्ट के बाद अगर जरूरी ना हो तो घर से ना निकलें।
- घर से निकलने से पहले छाता, रेनकोट साथ में जरूर रखें।
- पानी भरे गड्ढों से दूर रहें और दोपहिया वाहन भी सावधानी से चलाएं।
- अगर एयरपोर्ट जा रहे हैं तो घर से निकलने से पहले फ़्लाइट की मौजूदा स्थिति देख लें, एयरपोर्ट तक पहुंचने के लिए ज़्यादा समय लेकर निकलें।
- गाड़ी चला रहे हैं तो पानी में डूबे अंडरपास, निचले पुलिया या पानी भरे रास्तों से गुज़रने की कोशिश न करें।
- नदियों, नहरों और बाढ़ वाले इलाकों के पास रहने वाले लोगों को नदी के किनारों पर जाने से बचना चाहिए, दी गई गाइडलाइंस को फॉलो करना चाहिए
ये भी पढ़ें:
दिल्ली में कब तक होगी बारिश? मौसम विभाग ने बताया देशभर का हाल; जगह-जगह लगा जाम, जानें स्कूलों का हाल






































