हिमाचल प्रदेश के शिमला के रामपुर उपमंडल में बुधवार देर शाम भीषण सड़क हादसा हो गया। सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री घायल हो गए। दुर्घटना शाम लगभग 6:30 बजे उस समय हुई, जब रामपुर–खड़ाहण–कोटाधार–खोलीघाट मार्ग पर चल रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस गरटोला के नजदीक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
दोनों मृतकों की हुई पहचान
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस में लगभग 22 यात्री सवार थे। हादसे में बस के परिचालक जय प्रकाश नेगी, निवासी गांव घड़ोली, डाकघर खुनी, तहसील ननखड़ी तथा 72 वर्षीय डाकू राम पुत्र कालूराम, निवासी गांव शाहदू, तहसील ननखड़ी की मौके पर ही मौत हो गई।
मौके पर इकट्ठा हो गए स्थानीय लोग
हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस की टीम और प्रशासन को सूचना दी। दुर्घटना के बाद बस के परखच्चे उड़ गए। समय रहते राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया। घायलों को समय रहते बस से निकाला गया। मृतकों की पहचान की गई।
20 हजार रुपये की राहत राशि का ऐलान
उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा राहत नियमों के तहत स्थानीय मृतक के परिजनों को 20 हजार रुपये की फौरी राहत राशि तत्काल जारी कर दी गई है। अन्य मृतक की रिपोर्ट आने के तुरंत बाद फौरी राहत जारी की जाएगी।
घायलों का कराया जा रहा इलाज
उन्होंने कहा कि दुर्घटना में घायल सभी यात्रियों को उपचार के लिए महात्मा गांधी सेवा चिकित्सा परिसर, खनेरी (रामपुर) लाया जा रहा है, जहां डॉक्टरों की टीम द्वारा उनका प्राथमिक उपचार एवं आवश्यक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
राहत एवं बचाव कार्य टीम मौके पर पहुंची
उपायुक्त ने बताया कि प्रशासन की टीम घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है। वहीं, एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र नेगी अस्पताल में मौजूद रहकर उपचार एवं राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं, ताकि घायलों को समय पर हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा सके। जिला प्रशासन ने कहा है कि दुर्घटना से प्रभावित परिवारों और घायलों को हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।
कपिल ठाकुर की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें:
राजस्थान में देर रात भीषण हादसा, तेज रफ्तार स्कॉर्पियो डंपर से टकराई, 5 युवकों की हो गई मौत







































