ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। लक्ष्मीसागर थाना क्षेत्र के एक बहुमंजिला अपार्टमेंट में 11वीं कक्षा के 17 वर्षीय छात्र की 10वीं मंजिल से गिरने के कारण मौत हो गई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि छात्र अपनी दोस्त के घर उससे मिलने गया था। उसी दौरान लड़की की मां अचानक घर लौट आईं। घबराहट में छात्र ने खुद को छिपाने की कोशिश की, लेकिन यही कोशिश उसकी जान पर भारी पड़ गई।
मृतक की पहचान रफान खुर्शीद के रूप में हुई है। वह भुवनेश्वर के एक निजी स्कूल में 11वीं कक्षा का छात्र था। उसके पिता एक निजी बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं।
मां के अचानक घर आने पर घबराया छात्र
जानकारी के मुताबिक, घटना वाले दिन रफान अपनी महिला मित्र से मिलने उसके फ्लैट पर गया था। उस समय लड़की घर में अकेली थी। कुछ देर बाद लड़की की मां अचानक घर पहुंच गईं। उन्हें देखकर रफान घबरा गया और पहले बाथरूम में छिप गया। लेकिन जब उसे लगा कि वह वहां पकड़ा जा सकता है, तो उसने बाथरूम से निकलकर बिल्डिंग के डक्ट यार्ड में मौजूद पाइप के सहारे बाहर लटककर छिपने की कोशिश की।
कैसे हुआ हादसा?
बताया जा रहा है कि रफान करीब 10वीं मंजिल की ऊंचाई पर पाइप पकड़कर कई मिनट तक लटका रहा। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नीचे गिर पड़ा। इतनी ऊंचाई से गिरने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद अपार्टमेंट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भुवनेश्वर के कैपिटल अस्पताल भेज दिया।
जांच के दौरान पुलिस ने अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली। पुलिस अब इसी फुटेज के आधार पर घटना के पूरे घटनाक्रम को जोड़ने का प्रयास कर रही है।
दुर्घटना या और कोई वजह?
पुलिस ने लड़की और उसके परिवार से भी पूछताछ की है। अभी जांच जारी है और हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि यह पूरी तरह एक दुर्घटना थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण भी हो सकता है। फिलहाल पुलिस ने इस मामले को अस्वाभाविक मौत के रूप में दर्ज किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह और परिस्थितियां पूरी तरह स्पष्ट हो सकेंगी।
बता दें कि कर्नाटक के बेंगलुरु में भी ऐसा ही एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया था जहां बॉयफ्रेंड से दुखी होकर युवती इमोशनल रील बना रही थी। लेकिन पैर फिसलने से 13वीं मंजिल से गिरकर उसकी दर्दनाक मौत हो गई थी।
यह भी पढ़ें-







































