40 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

पॉपुलर रियलिटी शो बिग बॉस 19 से अभिषेक बजाज एविक्ट हो चुके हैं। शो में रहते हुए उनकी निजी जिंदगी तब चर्चा में आ गई, जब उनकी पूर्व पत्नी आकांक्षा जिंदल ने आरोप लगाए कि अभिषेक ने उन्हें शादी के बाद चीट किया। अब अभिषेक ने इन आरोपों पर जवाब देते हुए कहा है कि आकांक्षा को अपनी जिंदगी में आगे बढ़ना चाहिए और कोई काम करना चाहिए।
अभिषेक बजाज ने शो में निजी जिंदगी पर चर्चा होने पर पिंकविला को दिए इंटरव्यू में कहा, ‘मुझे लगता है कि नहीं होना चाहिए था। क्योंकि वो बाहर की दुनिया है और हम उससे कनेक्टेड नहीं थे। लेकिन अगर हुई है, तो मैं परेशान हूं। एक इंसान आगे बढ़ चुका है। वो बहुत सालों पुरानी बात है। ऐसा नहीं है कुछ हाल फिलहाल की बात है। बहुत सालों पुरानी बात है। और अगर इस मुकाम पर लाया जाए, इस प्लेटफॉर्म पर उसे डिस्कस किया जा रहा है तो कहीं न कहीं उसकी फैमिली में भी शांति नहीं होगी। मैं उस बारे में फिक्रमंद था।’
आगे अभिषेक ने कहा, ‘जब मुझे पता चला कि वो (आकांक्षा जिंदल) ये सब बोल रही है, तो मुझे बुरा लगा क्योंकि आप मेरे सोशल स्टेटस को खराब करना चाहते हो। मेरे फेम को मिसयूज करना चाहते हो। आप फेम लेना चाहते हो मेरी सालों की मेहनत से। मैंने यहां तक पहुंचने के लिए बहुत मेहनत की थी, रात-दिन एक किया। इतनी फिल्म्स कीं, एड किए, कितने ऑडिशन दिए, टीवी से मेरी ग्रोथ हुई, उसके बाद मैंने फिल्म्स कीं। फिर मैं यहां पर आया तो उसकी एक जर्नी है। और आप (आकांक्षा) चाहते हो कि ये सब आपको ऐसे ही मिल जाए, क्योंकि ये आपको आसान लग रहा है। झूठे आरोप लगाकर।’

आखिर में अभिषेक ने पत्नी के लिए कहा, ‘ये बहुत दिल तोड़ देने वाला है। ये बातें बहुत पुरानी हैं और म्यूचुअली चीजें अलग हो चुकी हैं। मैं पीछे मुड़कर नहीं देखता। मुझे लगता है कि उन्हें भी आगे बढ़ जाना चाहिए और काम धंधा ढूंढना चाहिए। बंदा ढूंढना चाहिए। आगे बढ़ो और हमें बख्शो ताकि हम भी आगे चलते रहें। मुझे लगता है कि लोगों को भी उनका बढ़ावा नहीं देना चाहिए। क्योंकि ऐसे लोगों से आप एक उदाहरण सेट करते हो।’







































